वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

शिमला के रामपुर में HRTC बस खाई में गिरी, कंडक्टर समेत 2 की गई जान, 22 यात्री घायल

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले स्थित रामपुर बुशहर उपमंडल में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। रामपुर से खोलीघाट जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस अनियंत्रित होकर करीब 60 फुट खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में बस के कंडक्टर समेत दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि चालक सहित 22 यात्री घायल हुए हैं।

न्यूज 18 के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार बस में कुल 24 लोग सवार थे। बुधवार शाम करीब 7 बजे खोलीघाट के समीप (खराहण, टोलू घोटोला) बस चालक ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया। बस के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने अपनी निजी गाड़ियों से घायलों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया, जिसके कुछ देर बाद प्रशासन की एंबुलैंस और पुलिस व रैस्क्यू टीमें भी मौके पर पहुंच गईं।

शिमला के डीसी अनुपम कश्यप ने बताया कि इस हादसे में बस के कंडक्टर जय प्रकाश नेगी निवासी घड़ोली, डाकघर खुनी, तहसील ननखड़ी और 72 वर्षीय डाकू राम निवासी शाहदू, तहसील ननखड़ी की जान चली गई है। वहीं, बस चालक सहित कई यात्रियों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। सभी 22 घायलों का रामपुर के खनेरी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना पाकर हर्ष अमरेंद्र नेगी भी खनेरी अस्पताल पहुंचे। फिलहाल, दुर्घटना के स्पष्ट कारणों की जांच की जा रही है।

कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस हादसे को हृदयविदारक बताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की है। उन्होंने प्रशासन, पुलिस और लोक निर्माण विभाग को राहत-बचाव में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। मंत्री ने बताया कि उन्होंने खनेरी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों से व्यक्तिगत तौर पर संपर्क किया है और डॉक्टरों की एक विशेष टीम को घायलों की 24 घंटे निगरानी करने के आदेश दिए हैं, ताकि इलाज में कोई कोताही न बरती जाए।

डीसी अनुपम कश्यप ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि जिला राहत नियमावली के तहत एक मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी कर दी गई है। दूसरे मृतक की आधिकारिक रिपोर्ट आते ही उनके परिजनों को भी तुरंत फौरी राहत राशि उपलब्ध करा दी जाएगी। प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है और घायलों की हर संभव सहायता की जा रही है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!