वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: डिप्टी सीएम से पंगा लेना Youtuber को पड़ा महंगा, एक टिप्पणी ने पहुंचा दिया सलाखों के पीछे

सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर अमर्यादित और भ्रामक जानकारी फैलाना ऊना जिले के एक यूट्यूबर को महंगा पड़ गया है। हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और उनकी दिवंगत पत्नी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में हरोली पुलिस ने बीते रविवार को यूट्यूबर रोहित कटवाल को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार टाहलीवाल क्षेत्र में हाल ही में एक स्टोन क्रशर के रास्ते को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया था। आरोप है कि इसी घटनाक्रम को लेकर रोहित कटवाल ने सोशल मीडिया पर वीडियो और पोस्ट सांझा किए, जिनमें डिप्टी सीएम और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए गए।

मामले में संजू गुज्जर नामक व्यक्ति ने हरोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में कहा गया है कि रोहित द्वारा क्रशर विवाद पर दी गई जानकारी पूरी तरह गलत थी, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक माहौल बिगड़ने की आशंका पैदा हुई। सबसे गंभीर आरोप यह है कि यूट्यूबर ने डिप्टी सीएम की दिवंगत पत्नी को लेकर भी बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे जनमानस में भारी रोष है।

रोहित कटवाल इंटरनेट पर WE ARE HIMACHAL के नाम से इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर व्लॉगिंग करता था। विवादित कंटेंट सामने आने और पुलिस कार्रवाई के बाद रोहित कटवाल की इंस्टाग्राम आईडी को भारत में बैन करवा दिया गया है।

हरोली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से पूरे घटनाक्रम को लेकर कड़ी पूछताछ की जाएगी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर सांझा की गई सामग्री और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि कोई नए तथ्य सामने आते हैं, तो उसके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!