वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: नयनादेवी मंदिर में हादसा, बंदर से बचने के चक्कर में पंजाब के श्रद्धालु की गई जान

हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयनादेवी मंदिर में बुधवार शाम एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई। पंजाब के जालंधर से परिवार के साथ दर्शन करने आए एक श्रद्धालु की बंदर से बचने के प्रयास में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी विजय गुप्ता के रूप में हुई है, जो पेशे से कपड़े के कारोबारी थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय गुप्ता अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर आए थे। मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान अचानक एक बंदर उनकी ओर लपका। खुद को बंदर से बचाने की कोशिश में विजय का संतुलन बिगड़ गया और वे जमीन पर गिर पड़े। गिरने के कारण उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने बिना समय गंवाए उन्हें तुरंत घवांडल स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

इस दुखद घटना ने नयनादेवी मंदिर परिसर में बंदरों के बढ़ते आतंक को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। यहां हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं, और बंदरों द्वारा झपट्टा मारने या डराने की घटनाएं आम बात हो गई हैं। इस घटना के बाद, स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रशासन से अपील की है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए और परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!