हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने 6 वर्षीय बेटे को चम्बा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित परेल पुल से रावी नदी में फैंक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद पुलिस और परिजनों को फोन कर अपना जुर्म कबूला और पुलिस चौकी में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान चंबा के कियानी गांव निवासी हितेश कुमार के रूप में हुई है। हितेश एक ऑनलाइन कंपनी में पैकिंग का काम करता है और इन दिनों चम्बा के परेल इलाके में एक किराए के कमरे में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को वह अपने 6 साल के बेटे को परेल पुल पर ले गया और वहां से उसे नीचे बहती रावी नदी में फैंक दिया।
इस खौफनाक घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता ने खुद ही पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया और वारदात की जानकारी दी। इतना ही नहीं, उसने अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों को भी फोन कर बच्चे को नदी में फेंकने की बात कबूली। इसके बाद वह खुद चलकर पुलिस चौकी पहुंचा और अपना गुनाह स्वीकार करते हुए सरैंडर कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हितेश कुमार की शादी अमृतसर में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी कलह के चलते उसकी पत्नी अपने एक बच्चे के साथ अमृतसर स्थित मायके में रह रही थी, जबकि 6 वर्षीय बेटा हितेश के पास चम्बा में रह रहा था। पुलिस इस बात की गहन तफ्तीश कर रही है कि क्या इसी पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के कारण आरोपी ने यह खौफनाक कदम उठाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी चम्बा विजय सकलानी और एएसपी दिनेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एसपी विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी हितेश कुमार को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। रावी नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण बच्चे की तलाश में मुश्किलें आ रही हैं। हालांकि, संभावित स्थानों पर पुलिस और बचाव दलों द्वारा एक व्यापक सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है।








