वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: चंबा में पहाड़ी से काल बनकर गिरा पत्थर, 22 वर्षीय युवक की गई जान

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले स्थित सलूणी उपमंडल में पेश आए एक हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हलूरी-भड़ेला मार्ग पर स्कूटी से जाते समय पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थर की चपेट में आने से यह दुर्घटना हुई। मृतक की पहचान दिनेश (22) पुत्र गोविंद निवासी गांव पुन्ना के रूप में हुई है। रक्षाबंधन के त्यौहार से ठीक पहले हुए इस हादसे से इलाके में शोक की लहर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को दिनेश किसी निजी कार्य के चलते एक अन्य व्यक्ति के साथ स्कूटी पर धूत्ता की ओर जा रहा था। जैसे ही दोनों शकलोई नाला के पास पहुंचे तो पहाड़ी से अचानक एक भारी पत्थर लुढ़क कर सीधा दिनेश पर आ गिरा। पत्थर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दिनेश स्कूटी से अनियंत्रित होकर गहरे नाले में जा गिरा। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल दिनेश को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल किहार ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि दिनेश रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहता था और हाल ही में छुट्टियां लेकर अपने गांव पुन्ना लौटा था। रक्षाबंधन से मात्र कुछ दिन पहले घर के छोटे बेटे के इस तरह अचानक निधन से परिवार गहरे सदमे में है। घटना की सूचना मिलते ही किहार थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियूर भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

प्रशासनिक स्तर पर भी पीड़ित परिवार को त्वरित मदद पहुंचाई गई है। तहसीलदार सलूणी अभिराय सिंह ठाकुर ने बताया कि मृतक की माता जितो को प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया है कि नियमानुसार उन्हें आगे भी हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!