चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बेहद दुखद हादसा पेश आया है, जिसने मंडी जिले के दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मनाली की वादियों की ओर स्कूटी से जा रहे दो युवाओं का सफर डोहलूनाला के पास हमेशा के लिए खत्म हो गया। सामने से आ रही एक निजी बस और स्कूटी की जोरदार आमने-सामने की टक्कर में दोनों युवाओं ने अपनी जान गंवा दी।
हादसा मंगलवार रात करीब 9:45 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी चला रही युवती कशिश सिहली निवासी सुंदरनगर (मंडी) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं,पीछे बैठे आदित्य पुत्र पवन कुमार निवासी त्रिफालघाट (मंडी) को गंभीर हालत में कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की लाख कोशिशों के बावजूद उसने भी दम तोड़ दिया।
कुल्लू के एसपी अभिषेक सेकर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने रात में ही मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है। बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है कि यह भीषण हादसा आखिर किसकी लापरवाही का नतीजा था। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी थमा रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।








