वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

दिल्ली में फिर निर्भया जैसी वारदात: 16 साल की मासूम पर ड्राइवर-कंडक्टर ने नहीं खाया तरस, 47 किमी तक दौड़ती रही स्लीपर बस

भारत की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। दिल्ली में एक चलती स्लीपर बस में 16 साल की नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। वारदात के दौरान बस ग्रेटर नोएडा के परी चौक से दिल्ली के कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर दौड़ती रही और बस के पर्दों की आड़ में आरोपी दरिंदगी करते रहे। पुलिस ने आरोपी बस ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 4 अगस्त की, खुलासा 31 अगस्त को

यह खौफनाक घटना 4 अगस्त की रात की है, लेकिन पुलिस ने 31 अगस्त को इस मामले की आधिकारिक जानकारी साझा की। हालांकि, आरोपियों की गिरफ्तारी किस दिन हुई, पुलिस ने अभी इसकी सटीक तारीख नहीं बताई है।

कैसे बस तक पहुंची पीड़िता?

पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा का अपने परिवार में कुछ झगड़ा हो गया था। इसके बाद वह बिना बताए अपने कजिन के घर नोएडा जाने के लिए बस से निकल पड़ी। मैनपुरी से नोएडा की दूरी 300 किमी से ज्यादा है। भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण छात्रा गलती से ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई। जब वह नोएडा जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रही थी, तभी वहां से एक खाली स्लीपर बस गुजरी। छात्रा के इशारा करने पर ड्राइवर और कंडक्टर ने बस रोक दी और उसे यह कहकर बैठा लिया कि बस नोएडा सेक्टर-63 जा रही है।

चलती बस में की दरिंदगी और जान से मारने की दी धमकी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना वाले दिन बस में कुछ खराबी आ गई थी, जिसके बाद आरोपी उसे सूरजपुर (नोएडा) की एक वर्कशॉप में मुरम्मत के लिए ले गए थे। मुरम्मत के बाद वे खाली बस को दिल्ली के तिमारपुर ले जा रहे थे। बस के चलने के कुछ देर बाद ही कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। विरोध करने पर ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ गैंगरेप किया। आरोपियों ने बस के शीशों पर लगे पर्दों का इस्तेमाल किया ताकि बाहर से कोई अंदर की वारदात न देख सके।

कश्मीरी गेट पर उतारा, पुलिस ने CCTV से किया ट्रैक

देर रात दरिंदगी के बाद आरोपियों ने छात्रा को दिल्ली के कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतार दिया और वहां से बस लेकर फरार हो गए। खौफजदा छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए उसी रात कश्मीरी गेट थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली एसीपी शंकर बनर्जी के नेतृत्व में जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बस के रूट को ट्रैक करने के लिए रास्ते के तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगाले और बस की पहचान की।

पार्किंग से गिरफ्तार किए आरोपी, बस भी जब्त

पुलिस ने सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को तिमारपुर स्थित एक बस पार्किंग से धर दबोचा। वारदात में इस्तेमाल की गई स्लीपर बस को भी जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस बस की फोरेंसिक जांच करा रही है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!