हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक हैरान और शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। टिहरा क्षेत्र की 49 वर्षीय एक महिला ने अपने ही पड़ोसी पर बाथरूम के वैंटिलेटर से उसका वीडियो रिकॉर्ड करने का संगीन आरोप लगाया है। घटना के बाद से इलाके में रोष और चिंता का माहौल है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे पीड़िता अपने घर की दूसरी मंजिल पर स्थित बाथरूम में नहाने गई थी। नहाने के बाद जब वह कपड़े पहन रही थी, तभी उसकी नजर वैंटिलेटर पर रखे एक मोबाइल फोन पर पड़ी। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, उसने पड़ोस के ही युवक को वहां से मोबाइल उठाते देखा।
महिला ने साहस दिखाते हुए तुरंत युवक से फोन मांगा। इसके बाद अपनी भाभी और स्थानीय पंचायत की पूर्व प्रधान को मौके पर बुलाकर उनके सामने फोन का लॉक खुलवाया गया। जांच करने पर मोबाइल की गैलरी में 7 मिनट 51 सैकेंड का एक वीडियो मिला, जो उसी समय रिकॉर्ड किया गया था। आरोपी ने मौके पर माफी मांगी, लेकिन पीड़िता ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी का मोबाइल सीज कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि इस वीडियो को कहीं फॉरवर्ड तो नहीं किया गया था। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जांच पूरी होने के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







