वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Video: जिंदा पिता को बोरे में पैक कर कूरियर करने पहुंचा परिवार, सच्चाई जानकर उड़ जाएंगे होश

सोशल मीडिया पर वायरल होने और चंद लाइक्स-व्यूज पाने की सनक इंसान को किस हद तक अंधा कर सकती है, इसका एक बेहद खौफनाक और हैरान करने वाला मामला बेंगलुरु से सामने आया है। यहां एक परिवार ने सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में अपने ही घर के बुजुर्ग पिता को एक बोरे में पैक कर दिया और उसे पार्सल करने के लिए कूरियर ऑफिस पहुंच गए। जब कूरियर कंपनी के कर्मचारियों ने बोरा खोला, तो अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार की है। पूरा परिवार जिसमें बुजुर्ग की पत्नी, बेटा, बहू और भाई शामिल थे, एक बेहद भारी पार्सल लेकर कूरियर कंपनी के दफ्तर पहुंचे। पार्सल इतना भारी था कि उसे उठाना मुश्किल हो रहा था। कर्मचारियों को पैकेट का वजन और आकार देखकर शक हुआ। जब उन्होंने परिवार से पूछा कि इस बोरे के अंदर क्या है? तो परिवार ने गोलमोल जवाब देने शुरू कर दिए। इससे कर्मचारियों का शक और गहरा गया और उन्होंने पार्सल खोलने का फैसला किया।

जैसे ही कर्मचारियों ने उस बोरे को खोला, एक पल के लिए वे बुरी तरह डर गए। बोरे के अंदर कोई सामान नहीं, बल्कि एक जिंदा इंसान ठूंसा हुआ था, जो अचानक से बाहर आ गया। बोरे में बुरी तरह पैक होने के कारण बुजुर्ग को सांस लेने में भारी तकलीफ हो रही थी और उनकी जान भी जा सकती थी। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह थी कि बोरे में बंद वो बुजुर्ग कोई और नहीं, बल्कि उसी महिला के पिता थे जो पार्सल बुक कराने आई थी।

जब परिवार से इस अमानवीय करतूत की वजह पूछी गई, तो उन्होंने जो कारण बताया, उसे सुनकर हर कोई सन्न रह गया। परिवार ने बताया कि वे सोशल मीडिया के लिए एक रील (वीडियो) बना रहे थे। उनका मकसद यह दिखाना था कि त्यौहारों के सीजन में बसों में टिकट नहीं मिलती है, इसलिए अब मजबूरी में लोगों (इंसानों) को कूरियर के जरिए उनके गंतव्य तक भेजना पड़ रहा है। वायरल होने के भूत ने उन्हें इस कदर अंधा कर दिया था कि उन्हें एक बुजुर्ग की जान से खिलवाड़ करने में भी कोई खौफ नहीं लगा।

हैरानी की बात तो यह रही कि परिवार अपनी इस खतरनाक हरकत को गलत मानने के बजाय उसे सही ठहराने की कोशिश कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे परिवार को हिरासत में लिया। हालांकि, बाद में पुलिस ने परिवार को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया।

आज के दौर में जहां कहीं अश्लील कंटेंट परोसा जा रहा है, तो कहीं लोग दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए जानलेवा स्टंट कर रहे हैं। बेंगलुरु की यह घटना समाज के लिए एक बड़ा सवाल छोड़ जाती है कि क्या सोशल मीडिया का चस्का और वायरल होने की भूख अब इंसानियत से भी बड़ी हो गई है? चंद लाइक्स और व्यूज के लिए अपने ही लोगों की जान जोखिम में डालना सिर्फ अजीब नहीं, बल्कि बेहद खतरनाक है। इस पूरी घटना और वायरल होने की इस सनक पर आपकी क्या राय है? कमेंट बॉक्स में हमें जरूर बताएं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!