हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले स्थित रामपुर में एक बेहद खौफनाक और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बीती रात एक बेकाबू ट्रक खड़ी पहाड़ी से नीचे जा गिरा। इस हादसे में, परिवार का पेट पालने और चार पैसे कमाने के लिए घर से निकले ट्रक ड्राइवर की दर्दनाक मौत हो गई। किसी को क्या पता था कि जिस सफर पर वह निकला है, वह उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
घटना की प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा रात करीब पौने 10 बजे के आस-पास हुआ। बताया जा रहा है कि यह ट्रक दत्तनगर से होकर जा रहा था। पहाड़ी से नीचे गिरने से पहले इस ट्रक ने दत्तनगर में सड़क किनारे खड़ी तीन गाड़ियों को जोरदार टक्कर मारी, जिससे उन गाड़ियों को भारी नुक्सान पहुंचा। इसके बाद ट्रक थोड़ा आगे बढ़ा और जैसे ही भद्राश के पास स्थित मछाड़ा शिव मंदिर के सामने पहुंचा, तो अचानक अनियंत्रित हो गया।
मछाड़ा शिव मंदिर के ठीक सामने बेकाबू ट्रक सड़क से नीचे खड़ी पहाड़ी की तरफ छूट गया। ट्रक हवा में उछलता हुआ करीब 30 से 35 फुट नीचे गया और ऊपर की सड़क व नीचे की खड्ड के बीच जाकर सीधे खड़ा हो गया। हादसे में ट्रक बुरी तरह से टूट गया और उसमें लदा सारा सामान पहाड़ी पर बिखर गया। भगवान के दरबार के ठीक सामने यह भीषण हादसा घटित हुआ।
हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे। जब लोगों ने खाई में उतरकर चालक को देखा, तो उसकी सांसें चल रही थीं। लोगों ने बिना देरी किए उसे किसी तरह दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से बाहर निकाला और कड़ी मशक्कत के बाद ऊपर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को इलाज के लिए खनेरी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन शायद किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल में इलाज के दौरान ड्राइवर की सांसें थम गईं और उसने दम तोड़ दिया।
शिमला के खूबसूरत लेकिन तंग और खतरनाक पहाड़ी रास्तों पर यह हादसा कैसे हुआ, इसकी असली वजह अभी साफ नहीं है। यह रफ्तार का कहर था, रात का अंधेरा हादसे का कारण बना या फिर सामने से आ रही किसी अन्य गाड़ी को बचाने के चक्कर में ट्रक बेकाबू हुआ, फिलहाल यह जांच का विषय है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के असल कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक हंसता-खेलता परिवार उजाड़ कर रख दिया है। हादसे के बाद कई सवाल पीछे छूट गए हैं, लेकिन सबसे बड़ी और कड़वी सच्चाई यही है कि जो शख्स कल घर से निकला था, वो अब कभी लौटकर वापस नहीं आएगा। उसके अपने हर दिन उसी का इंतजार करते रह जाएंगे। ईश्वर मृतक की आत्मा को शांति प्रदान करे और शोकाकुल परिवार को इस असीम दुख को सहने की शक्ति दे।







