हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू स्थित बंजार घाटी में देर शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। बंजार क्षेत्र में सोझा के पास (जलोड़ा नामक स्थान पर) दिल्ली के पर्यटकों से भरी एक ट्रैवलर गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस खौफनाक हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 बच्चों सहित 18 लोग घायल हुए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कुल्लू से मिली जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त वाहन में कुल 22 लोग सवार थे, जो दिल्ली से कुल्लू घूमने आए थे। बताया जा रहा है कि यह सभी पर्यटक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जलोड़ी जोत के दीदार कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शाम के वक्त अचानक मौसम खराब हो गया। खस्ताहाल सड़क और बारिश के कारण हुई फिसलन के चलते चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा और ट्रैवलर सीधे गहरी खाई में जा समाई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और भारी अंधेरे के बावजूद तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद खाई से 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल बंजार में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं हादसे में मारे गए लोगों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
इस जानलेवा हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ भारी रोष देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-305 की बदहाल स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि यह सड़क अब मौत का जाल बन चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की इस खस्ता हालत के कारण पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं, लेकिन सरकार और विभाग लगातार अनदेखी कर रहे हैं। जनता ने मांग की है कि सड़क की तुरंत मरम्मत करवाई जाए और ब्लैक स्पॉट्स पर क्रैश बैरियर व अन्य सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी और एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां सहित कई स्थानीय नेताओं ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के असल कारणों की जांच शुरू कर दी है।







