वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा मौका, 1000 पदों पर होगी भर्ती, 10वीं पास भी कर सकते हैं आवेदन

हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के क्षेत्र में एक बड़ी खुशखबरी आई है। प्रदेश के निजी क्षेत्र की जानी-मानी कंपनी वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड ने बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के तहत मशीन ऑप्रेटर और अप्रेंटिस (पुरुष एवं महिला) के करीब 1000 पदों को भरा जाएगा। इससे प्रदेश के सैकड़ों युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने जानकारी दी कि इस भर्ती प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। चयन पूरी तरह से इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं और आईटीआई (फिटर, कोपा, सिलाई टेक्नोलॉजी) निर्धारित की गई है। साथ ही, उम्मीदवार की आयु 18 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से 13,500 रुपए प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इंटरव्यू प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवारों को समय पर पहुंचने की सलाह दी गई है।

युवाओं की सुविधा के लिए अलग-अलग जगहों पर इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। 8 अप्रैल को उप-रोजगार कार्यालय देहरा में इंटरव्यू हो चुके हैं। 9 अप्रैल को उप-रोजगार कार्यालय नगरोटा बगवां में और 10 अप्रैल को क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय पालमपुर में इंटरव्यू होंगे।

इंटरव्यू में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, सभी शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र और मार्कशीट, बायोडाटा की कॉपी और अनुभव प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो) लाना अनिवार्य है। रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता या अन्य भत्ता नहीं दिया जाएगा। उम्मीदवारों को अपने खर्च पर ही इंटरव्यू स्थल तक पहुंचना होगा। अधिकारियों ने प्रदेश के युवाओं से अपील की है कि वे इस सुनहरे मौके का लाभ उठाएं और निजी क्षेत्र में रोजगार पाने की दिशा में आगे बढ़ें। यह भर्ती प्रक्रिया प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर साबित हो सकती है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!