वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

चम्बा: पहाड़ी से गिरा मलबा, हवा में लटकी HRTC बस; ड्राइवर की सूझबूझ से बची 15 यात्रियों की जान

हिमाचल प्रदेश के भरमौर उपमंडल में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। कुगती-हडसर-भरमौर मार्ग पर पहाड़ी से अचानक मलबा गिरने के कारण एचआरटीसी की एक बस सड़क किनारे हवा में लटक गई। गनीमत यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और एक बड़ा जानमाल का नुकसान होने से बच गया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार सुबह करीब 9 बजे की है। एचआरटीसी की बस कुगती से चंबा की ओर जा रही थी। जैसे ही बस हडसर के पास पहुंची, अचानक पहाड़ी से भारी मलबा बस के ऊपर आ गिरा। मलबे के दबाव से बस अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे खाई की तरफ हवा में लटक गई। उस समय बस में स्कूली बच्चों सहित करीब 10 से 15 यात्री सवार थे। बस के हवा में लटकते ही यात्रियों में दहशत फैल गई और चीख-पुकार मच गई।

इस खौफनाक मंजर के बीच बस चालक ने गजब की सूझबूझ दिखाई। उसने बिना घबराए तुरंत ब्रेक लगा दी, जिससे बस खाई में गिरने से बच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया। सभी यात्रियों और स्कूली बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया गया।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पिछले करीब 12 घंटों से लगातार भारी बारिश हो रही है। इस मूसलाधार बारिश के कारण पहाड़ों की मिट्टी दरक रही है और जगह-जगह भूस्खलन व मलबा गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इस हादसे के कारण कुगती-हडसर मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।

लगातार हो रहे भूस्खलन और खराब मौसम को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। इसके अलावा, पहाड़ी मार्गों पर सफर करते समय विशेष सावधानी बरतने और भूस्खलन वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!