वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

शिमला के समरहिल में कार खाई में गिरी, चंडीगढ़ निवासी 2 लोगों की गई जान…4 बाल-बाल बचे

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के समरहिल इलाके में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक कार के 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान चंडीगढ़ की मलोया कॉलोनी निवासी बारा सिंह और गुरमीत सिंह के रूप में हुई है। गनीमत यह रही कि कार में सवार चार अन्य लोग हादसे से चंद मिनट पहले ही नीचे उतर गए थे, जिससे उनकी जान बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात चंडीगढ़ से छह लोग शिमला में पढ़ाई कर रहे अपने बच्चों से मिलने के लिए पहुंचे थे। समरहिल के पास पहुंचने पर उन्होंने अपनी गाड़ी को सड़क किनारे पार्क करने का निर्णय लिया। इसी दौरान कार में सवार चार लोग गाड़ी से बाहर आ गए, जबकि ड्राइवर बारा सिंह और उनके साथी गुरमीत सिंह गाड़ी को सही तरीके से पार्क करने लगे।

कार को पार्क करने के दौरान अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, कार फिसलकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी से पहले ही उतर चुके चारों लोगों के सामने यह खौफनाक मंजर हुआ और उनके होश उड़ गए। उन्होंने बिना देरी किए तुरंत स्थानीय पुलिस को हादसे की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल की टीम मौके पर पहुंची। रात का अंधेरा और खाई की गहराई होने के कारण रैस्क्यू ऑप्रेशन बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। टीम ने खाई में उतर कर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बाहर निकाला और शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने गुरमीत सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि चालक बारा सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने एक बार फिर पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि पहाड़ी और संकरे रास्तों पर गाड़ी चलाते या पार्क करते समय विशेष सावधानी बरतें। पहाड़ों पर जरा सी चूक या लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!