वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: कालेश्वर महादेव मंदिर के पास दर्दनाक हादसा, दोस्तों की आंखों के सामने ब्यास नदी में डूब गया 19 साल का युवक

पंजाब के फगवाड़ा से हंसी-खुशी हिमाचल घूमने आए 9 दोस्तों के एक ग्रुप ने सपने में भी नहीं सोचा था कि उनका यह सफर जिंदगी भर का नासूर बन जाएगा। पुलिस जिला देहरा के थाना रक्कड़ क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक कालेश्वर महादेव मंदिर के समीप ब्यास नदी में पंजाब के जिला कपूरथला (तहसील फगवाड़ा) के भगतपुरा निवासी विशाल (19) की डूबने से मौत हो गई। बेबस दोस्त किनारे से चीखते रहे, लेकिन अपने साथी को बचा नहीं सके। जिस परिवार के सिर से पहले ही पिता का साया उठ चुका था, अब उस परिवार ने अपना जवान बेटा भी खो दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार विशाल अपने 8 दोस्तों के साथ देहरा इलाके में ऐतिहासिक कालेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन करने पहुंचा था। सफर की थकान और गर्मी से राहत पाने के लिए सभी दोस्तों ने पास ही बह रही ब्यास नदी में नहाने का मन बनाया। नहाते समय विशाल नदी के उस हिस्से की तरफ चला गया जहां पानी कम था। वह मजे-मजे में आसानी से नदी पार करके दूसरी तरफ पहुंच भी गया।

दुर्भाग्य से जब विशाल वापस लौट रहा था, तो अचानक वह गहरे पानी की तरफ चला गया और चंद पलों में ही वह डूबने लगा। किनारे पर खड़े उसके दोस्तों की आंखों के सामने यह खौफनाक मंजर घट रहा था। दोस्तों ने शोर मचाया और चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग भी भागकर आए। स्थानीय ग्रामीणों ने भारी जद्दोजहद के बाद विशाल को गहरे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें उखड़ चुकी थीं।

इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलते ही रक्कड़ थाना के प्रभारी इल्मदीन दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने तुरंत आवश्यक कार्रवाई शुरू की। देहरा अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद विशाल का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। फगवाड़ा के भगतपुरा में जब जवान बेटे का शव पहुंचा, तो पूरे इलाके में भारी मातम छा गया।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!