वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

मंडी: जिस बेटे के सिर सजना था डिग्री का ताज, बंद कमरे में मिली उसकी लाश; कांगड़ा के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

जिस बेटे को परिवार ने बड़े सपनों और उम्मीदों के साथ उच्च शिक्षा के लिए घर से दूर भेजा था, उसकी मौत की खबर ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले स्थित थुनाग से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां हॉर्टिकल्चर (बागबानी) कॉलेज के अंतिम वर्ष के एक छात्र का शव उसके किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय देवन ठाकुर पुत्र कुलदीप ठाकुर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जिला कांगड़ा के सुंगल (तहसील पालमपुर) का रहने वाला था। देवन थुनाग स्थित औद्योगिकी एवं वानिकी महाविद्यालय में पढ़ रहा था।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह देवन की मां ने बेटे को कई बार फोन किया, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। जब काफी देर तक फोन नहीं उठा, तो मां को अनहोनी की आशंका हुई। घबराहट में उन्होंने तुरंत मकान मालिक को फोन कर बेटे का हालचाल जानने की गुजारिश की। मकान मालिक जब देवन के कमरे के बाहर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। काफी आवाजें लगाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो मकान मालिक ने दरवाजे को धक्का दिया। दरवाजा खुला था और अंदर का नजारा देखकर मकान मालिक के पैरों तले जमीन खिसक गई। देवन कमरे में मृत अवस्था में पड़ा था।

जैसे ही इस मनहूस घटना की जानकारी पालमपुर स्थित देवन के घर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। जिस बेटे के सिर पर जल्द ही डिग्री का ताज सजने वाला था, उसकी मौत की खबर सुनकर मां बेसुध हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदारों के अनुसार देवन पढ़ाई में बेहद होनहार था और अपने सुनहरे भविष्य को लेकर कई सपने संजोए हुए था। घटना की सूचना मिलते ही गोहर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा कमरे को सील क रने के बाद फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज के डीन पीएल शर्मा और अन्य स्टाफ सदस्य भी मौके पर पहुंचे और होनहार छात्र की असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह संदिग्ध मौत का मामला लग रहा है। फिलहाल शव को कब्जे में ले लिया गया है। मौत की असली वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!