वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: शिमला पुलिस के हत्थे चढ़ा पंजाब का चिट्टा किंगपिन, 25 लाख की हैरोइन जब्त

आमतौर पर पुलिस नशे की छोटी-मोटी पुड़िया पकड़कर अपनी पीठ थपथपा लेती है, लेकिन इस बार शिमला पुलिस ने जो किया है, वह किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है। हिमाचल प्रदेश में नशे (चिट्टा) की एक बड़ी खेप खपाने की तैयारी थी, लेकिन इससे पहले ही शिमला पुलिस ने सीमा पार कर पंजाब में ऐसी कार्रवाई कर दी, जिसने पूरे ड्रग सिंडिकेट की कमर तोड़ कर रख दी। पुलिस ने पंजाब के खरड़ में घुसकर एक बड़े ड्रग किंगपिन को दबोचा है। इसके पास से करीब 25 लाख रुपए की कीमत का 309 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। इतनी बड़ी खेप देखकर एक पल के लिए खुद पुलिस भी दंग रह गई।

इस ऐतिहासिक कामयाबी के पीछे कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि पुलिस की दिन-रात की गई साइंटिफिक तफ्तीश है। शिमला पुलिस ने बीते 10 जून को मंडी जिले के धर्मपुर निवासी राहुल ठाकुर को 7 ग्राम चिट्टे और 23 हजार कैश के साथ पकड़ा था। पुलिस ने आरोपी के बैकवर्ड लिंकेज, मोबाइल के डिजिटल साक्ष्य, व्हाट्सएप चैट और बैंक ट्रांजेक्शन खंगाले। कड़ियां जुड़ती गईं और पुलिस के रडार पर आ गया पंजाब के खरड़ का रहने वाला बड़ा सप्लायर हरप्रीत सिंह उर्फ हैरी। पुख्ता सबूत मिलते ही सदर थाना की स्पैशल टीम ने खरड़ स्थित गोल्डन एस्टेट में हैरी के गुप्त ठिकाने पर अचानक दबिश दी। पुलिस की इस रेड में जो मिला, वह चौंकाने वाला था। वहां से 309 ग्राम चिट्टा और 61,900 रुपए की ड्रग मनी बरामद हुई।

पुलिस ने जब जांच को आगे बढ़ाया तो यह पता चला कि हैरी जानता था कि पुलिस कॉल रिकॉर्डिंग और लोकेशन ट्रेस कर सकती है। इसलिए वह अपने गुर्गों और ग्राहकों से सिर्फ व्हाट्सएप कॉल और चैट के जरिए ही संपर्क करता था। नशे के काले कारोबार से आने वाले लाखों रुपए वह कभी अपने खाते में नहीं डालता था। वह पैसे अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के खातों में मंगवाता और फिर चुपके से कैश निकाल लेता, ताकि मनी ट्रेल न मिले। पुलिस अब आरोपी को पकड़कर शिमला थाना ले आई है। एएसपी अभिषेक ने बताया कि इस केस में अब तक कुल 316 ग्राम चिट्टा और 84,900 कैश बरामद किया जा चुका है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!