हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में आस्था का एक सुकून भरा सफर चंद सैकेंड में चीख-पुकार में बदल गया। भरमौर से शिवपूजन समारोह में भाग लेकर लौट रहे करीब 40-45 श्रद्धालुओं से भरी एक चलती बस पर अचानक पहाड़ी से एक चट्टान आ गिरी। इस खौफनाक हादसे में बस में सवार एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई और 4 अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार एक निजी बस बनीखेत से यात्रियों को लेकर भरमौर गई थी। वहां शिवपूजन अनुष्ठान संपन्न होने के बाद बस सभी यात्रियों को लेकर वापस बनीखेत लौट रही थी। सफर सामान्य चल रहा था, लेकिन चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गहरा के पास पहुंचते ही अचानक पहाड़ी से एक चट्टान पलक झपकते ही सीधे बस पर आ गिरी। चट्टान की सीधी चपेट में आने से गोली निवासी 21 वर्षीय साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। अपने ही सहयात्री को आंखों के सामने दम तोड़ते देख बाकी यात्री दहशत में आ गए और बस में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 4 अन्य लोग बिंता देवी (38) पत्नी राज कुमार निवासी भराड़ी डाकघर शेरपुर, गिलमा (60) पत्नी मुल्ख राज गांव भराड़ी डाकघर शेरपुर, कार्तिक (19) पुत्र पवन कुमार गांव व डाकघर गोली तहसील डल्हौजी जिला चम्बा तथा गुड्डो (65) पत्नी व्यास देव गांव छनार डाकघर गोली व जिला चम्बा घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रविवार का दिन होने के कारण उस समय हाईवे पर वाहनों की आवाजाही काफी कम थी। इस वजह से घायलों को मदद मिलने में थोड़ी देरी हुई, लेकिन स्थानीय लोगों ने बिना कोई समय गंवाए घायलों को बस से बाहर निकाला और तुरंत प्रशासन को अलर्ट किया। दूसरी तरफ हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद और एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया जहां उनका इलाज जारी है।








