वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल में काल बनीं पहाड़ियां, चम्बा में चलती कार पर गिरा पत्थर…14 वर्षीय बच्ची की गई जान

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश अब सीधे तौर पर लोगों की जान की दुश्मन बन गई है। राज्य की सड़कें इन दिनों मौत का सफर साबित हो रही हैं। चम्बा जिले में हालात इस कदर खौफनाक हैं कि महज 24 घंटे के भीतर पहाड़ियों से गिरते पत्थरों ने दो हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया है। रविवार को युवक की मौत के बाद अब सोमवार को एक 14 वर्षीय बच्ची पहाड़ी से गिरे पत्थर का शिकार हो गई है।

जानकारी के अनुसार धर्मशाला के नड्डी इलाके की रहने वाली 14 वर्षीय दीक्षता अपने परिवार के साथ भरमौर स्थित प्रसिद्ध बन्नी माता मंदिर के दर्शन करने गई थी। दर्शन के बाद परिवार खुशी-खुशी घर लौट रहा था। दोपहर करीब 2 बजे उनकी कार जैसे ही ढकोग-बन्नी सड़क से गुजर रही थी, तभी अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर सीधे उनकी चलती कार पर आ गिरा। इस हादसे में दीक्षता की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरी घटना की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

एक दिन पहले ही बुझा था घर का इकलौता चिराग

चम्बा में पहाड़ों से पत्थर गिरने का सिलसिला रुक नहीं रहा है। इससे ठीक एक दिन पहले यानी रविवार को भी चम्बा-भरमौर नैशनल हाईवे पर ऐसा ही एक जानलेवा हादसा पेश आया था। एक बस के ऊपर अचानक पहाड़ी से पत्थर गिर गया था, जिसने 21 वर्षीय साहिल की जान ले ली थी। इस हादसे की सबसे रुला देने वाली बात यह थी कि साहिल अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। लगातार हो रही बारिश के कारण चम्बा सहित पूरे हिमाचल में सफर करना अब जोखिम भरा हो गया है, जो स्थानीय लोगों से लेकर श्रद्धालुओं तक के लिए भारी पड़ रहा है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!