वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: मंडी पुलिस के हत्थे चढ़ा सोलन का नशा तस्कर, लाखों रुपए की चरस बरामद

हिमाचल प्रदेश में नशे के काले कारोबार की जड़ें किस कदर अलग-अलग जिलों में फैली हुई हैं, इसका एक बड़ा उदाहरण मंडी में देखने को मिला है। पुलिस ने यहां नशे की एक बड़ी खेप को ठिकाने लगने से पहले ही पकड़ लिया है। मंडी जिले की औट थाना पुलिस ने 3.66 किलोग्राम चरस के साथ सोलन जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है, जिससे एक बड़े नशा तस्करी नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद बंध गई है।

जानकारी के मुताबिक औट थाना पुलिस की टीम यह कार्रवाई 5 जुलाई को की है। पुलिस की टीम झलोगी-दवाड़ा फ्लाईओवर के पास रूटीन नाकाबंदी कर वाहनों और लोगों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक युवक की गतिविधियां पुलिस को बेहद संदिग्ध लगीं। जब पुलिस ने शक के आधार पर उसे रोका और उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 3.66 किलो चरस बरामद हुई। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लाखों रुपए में आंकी जा रही है। इतनी भारी मात्रा में नशा देखते ही पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया और चरस को जब्त कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान आशीष ठाकुर के रूप में हुई है, जो सोलन जिले की कसौली तहसील का रहने वाला है। मंडी पुलिस ने आरोपी आशीष के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इतनी बड़ी मात्रा में चरस का पकड़ा जाना इस बात का साफ इशारा है कि आरोपी आशीष किसी बड़े नशा तस्करी नैटवर्क का मोहरा हो सकता है। अब पुलिस उससे रिमांड के दौरान सख्ती से पूछताछ करेगी ताकि यह राज खुल सके कि वह इस अवैध धंधे में कब से शामिल था।

मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस अब इस पूरे मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहराई से जांच कर रही है। इस बात की तफ्तीश की जा रही है कि कसौली का यह युवक इतनी बड़ी खेप मंडी या उसके आसपास के किस इलाके में सप्लाई करने जा रहा था और इसमें उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। एसपी ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, साथ ही उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि अगर उन्हें अपने आसपास किसी भी प्रकार की नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की भनक लगती है, तो वे बेझिझक पुलिस को सूचना दें, ताकि समाज को इस बुराई से बचाया जा सके।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!