वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

बिलासपुर: घर में चल रहा था युवाओं की रगों में जहर घोलने का काम, पुलिस की रेड में महिला समेत 5 तस्कर गिरफ्तार

बाहर से दिखने में एक आम रिहायशी मकान के अंदर युवाओं की रगों में जहर घोलने का काम चल रहा था। बिलासपुर पुलिस ने एक बेहद सटीक ऑप्रेशन को अंजाम देते हुए कंदरौर इलाके में चल रहे एक नशे के अड्डे का पर्दाफाश किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में चिट्टे की खेप के साथ पांच लोगों का एक पूरा गैंग पकड़ा गया है, जिसमें एक महिला भी शामिल है।

बता दें कि हिमाचल पुलिस इन दिनों नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। इस कड़ी में सदर थाना पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि कंदरौर के एक मकान में तस्करों की महफिल सजी है और नशे का व्यापार हो रहा है। पुलिस ने तुरंत एक टीम का गठन किया और मकान को चारों तरफ से घेर कर रेड मार दी। रेड के दौरान घर के अंदर का नजारा चौंकाने वाला था। वहां एक महिला सहित 5 लोग मौजूद थे। जब तलाशी ली गई तो उनके पास से 11.2 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ही कंदरौर के सुरजीत (कालू), बल्ही-झलेड़ा के शंकर दयाल, घरबासड़ा के हंसराज, डियारा की शीतल (डेजी) और मैहरन के विपन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। एक ही जगह से अलग-अलग इलाकों के तस्करों का मिलना यह साबित करता है कि यह एक संगठित गैंग था।

बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपियों पर एनडीपीेस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस गैंग की कुंडली खंगाल रही है। चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए तस्करों के मोबाइल फोन और बैंक डिटेल्स की जांच की जा रही है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वाले किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!