हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार में अब पारिवारिक रिश्ते भी शामिल हो रहे हैं। कांगड़ा जिले के पुलिस जिला नूरपुर के तहत डमटाल थाना पुलिस ने एक ऐसे ही अंतर्राज्यीय पारिवारिक नेक्सस का भंडाफोड़ किया है, जहां एक महिला अपने ही दामाद के साथ मिलकर अपने घर से चिट्टा बेचने का काम कर रही थी। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर सास और दामाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
नूरपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार बुधवार को डमटाल पुलिस की टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक इनपुट मिला कि इंदौरा उपमंडल के छन्नी गांव की रहने वाली पिंकी अपने दामाद आकाशदीप के साथ मिलकर घर से ही नशे का रैकेट चला रही है। सूचना को पुख्ता मानकर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत गवाहों को साथ लेकर आरोपी महिला के घर पर दबिश दी। पुलिस टीम जब घर की पहली मंजिल पर स्थित एक कमरे में पहुंची, तो वहां लकड़ी की अलमारी के पास रखे नीले रंग के प्लास्टिक स्टैंड की ट्रे में एक संदिग्ध काला लिफाफा मिला। लिफाफे को खोलने पर उसमें हल्का भूरा और सफेद रंग का पाऊडर बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर ही ड्रग डिटैक्शन किट से बरामद पाऊडर की जांच की, जिसमें उसके हैरोइन (चिट्टा) होने की पुष्टि हो गई। इसके बाद इलैक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर नशीले पदार्थ की मात्रा 11 ग्राम पाई गई, जिसे पुलिस ने तुरंत सील कर अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला पिंकी (36) निवासी गांव छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा और उसके दामाद आकाशदीप (26) निवासी गांव महताबपुर, तहसील मुकेरियां, जिला होशियारपुर (पंजाब) को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। दामाद के पंजाब से होने के कारण इस मामले में अंतर्राज्यीय स्मगलिंग के तार भी जुड़ गए हैं।
डमटाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस मामले के ‘बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज’ खंगालने में जुट गई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई आगे किसे की जानी थी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर इस नैटवर्क में शामिल अन्य तस्करों पर भी जल्द सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








