पहाड़ों पर जरा सी लापरवाही कैसे एक बड़े हादसे का रूप ले सकती है, इसका दुखद उदाहरण मनाली में देखने को मिला है। शुक्रवार देर रात वशिष्ठ से मनाली की ओर आ रही एक कार अनियंत्रित होकर ओल्ड मनाली के पास मनालसु नाले में गिर गई। इस भीषण सड़क हादसे में दो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी, जबकि एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात एक काले रंग की जिम्नी कार (HP 26A-0011) वशिष्ठ से लौट रही थी। ओल्ड मनाली स्थित क्लब हाऊस के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार करीब 20 फुट नीचे मनालसु नाले में जा गिरी। पुलिस को घटना की सूचना शनिवार सुबह 112 कंट्रोल रूम के जरिए मिली। सूचना पाते ही सहायक उप निरीक्षक तुलसी राम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑप्रेशन शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी पांचों घायलों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल भेजा।
अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने मंडी निवासी 32 वर्षीय चालक रोहित कुमार और बजौरा (कुल्लू) निवासी 35 वर्षीय करूण बौद्ध को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कार में सवार तीन अन्य लोग विवेक (30), नरेश कुमार (28) और उर्मिला (22) घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
मनाली थाना प्रभारी मनीष राज शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह लापरवाही से वाहन चलाना सामने आई है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस दोनों मृत युवकों के शवों को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
इस हादसे के बाद डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सख्त अपील की है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी और घुमावदार रास्तों पर हमेशा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। यातायात नियमों की अनदेखी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए सावधानी से वाहन चलाएं।








