हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने साजिश के तहत एक दंपति को होटल में बुलाकर उनके खाने-पीने की चीजों में नशीला पदार्थ मिला दिया। आरोप है कि आरोपी ने महिला की बेहोशी की हालत का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और इस वारदात का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि 29 मई को आरोपी जाेकि उनका परिचित है, उसने उन्हें (पति-पत्नी) कांगू रोड स्थित भुवाणा के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया था। वहां आरोपी ने धोखे से उनके भोजन और शराब में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया। इसे खाने-पीने के बाद पति-पत्नी दोनों बेहोश हो गए। आरोप है कि इसी बेहोशी का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया और अपने मोबाइल से उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो बना लिए।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें व्हाट्सएप के जरिए वायरल कर दीं। यह वीडियो एक अन्य महिला सहित कई लोगों को भेजे गए। इसके चलते पीड़िता को मानसिक रूप से प्रताड़ना सहनी पड़ी और उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
सुंदरनगर थाना पुलिस ने इस गंभीर मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67ए के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। मंडी के एसपी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी साक्ष्यों और तथ्यों की बारीकी से जांच कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने आम जनता से अपील की है कि जब तक जांच पूरी न हो जाए, तब तक किसी भी तरह की अफवाहों या अपुष्ट जानकारियों पर ध्यान न दें।








