हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से शनिवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हो गया। यहां बैरागढ़ से चंबा जा रही एक निजी बस चालुंज मोड़ के पास अनियंत्रित होकर 50 मीटर गहरी खाई में लुढ़क कर दूसरी सड़क पर जा गिरी। इस हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों में 4 महिलाएं और 4 पुरुष (बस के चालक और परिचालक) शामिल हैं।
कुछ ही दूरी तय करने के बाद हो गया हादसा
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शर्मा कोच नाम की यह निजी बस (HP-73-A-2101) शनिवार सुबह 7 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बस ने अभी कुछ ही दूरी तय की थी कि चालुंज मोड़ के पास चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया। बेकाबू बस पलटा खाते हुए करीब 50 मीटर नीचे स्थित दूसरी सड़क पर जा गिरी। पुलिस के अनुसार हादसे के वक्त बस में चालक और परिचालक सहित कुल 18 लोग सवार थे।
जेसीबी से बस की बॉडी तोड़ निकाले शव और घायल यात्री
हादसा इतना भीषण था कि बस के गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस के अंदर फंसे यात्री बुरी तरह एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे थे। हर तरफ से बचाओ-बचाओ की आवाजें आ रही थीं। दुर्घटना की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।बस पूरी तरह पिचक चुकी थी, जिसके चलते लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद प्रशासन द्वारा मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई गई। जेसीबी की मदद से बस की बॉडी को तोड़ा गया और कड़ी मशक्कत के बाद अंदर फंसे मृतकों और घायलों को बाहर निकाला जा सका।
सभी घायल चंबा मेडिकल कॉलेज रैफर, प्रशासन ने दी फौरी राहत राशि
पुलिस और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से सभी 11 घायलों को तुरंत तीसा स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने सभी को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। वहीं स्थानीय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 11 घायलों को 5-5 हजार रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान कर दी है। प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया है कि मृतकों के परिजनों को भी जल्द ही नियमानुसार राहत राशि सौंपी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सड़क हादसे पर जताया दुख, जिला प्रशासन को दिए कड़े निर्देश
इस दर्दनाक हादसे पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की। साथ ही, सीएम ने जिला प्रशासन को कड़े निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को सर्वोत्तम उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
हादसे में जान गंवाने वालों की सूची
- रूप सिंह (35 वर्ष) निवासी चिल्ली, थल्ली (बस चालक)
- तेज सिंह (39 वर्ष) निवासी सत्यास, तरेला (बस परिचालक)
- जगदेव शर्मा (50 वर्ष) निवासी बाहला, देवीकोठी
- हरदेई (43 वर्ष) निवासी बाहला, देवीकोठी
- देस राज (35 वर्ष) निवासी बाहला, देवीकोठी
- नीलम (34 वर्ष), निवासी देवीकोठी
- जगदेई (24 वर्ष) निवासी बाहला, देवीकोठी
हादसे में घायल हुए यात्रियों की सूची
- धर्मों देवी (62 वर्ष)
- पानो देवी (41 वर्ष)
- धन्नी (40 वर्ष)
- विजय कुमार (34 वर्ष)
- सुष्मिता (32 वर्ष)
- कर्ण सिंह उर्फ साहिल (18 वर्ष)
- काव्या (11 वर्ष)
- अप्रित मंगल (11 वर्ष)
- नेहा (10 वर्ष)
- प्रियंका (5 वर्ष)
- हर्षु (4 वर्ष)








