वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

सिरमौर: तेज रफ्तार ट्राले ने रौंद डाले बाइक सवार, 26 वर्षीय युवक की गई जान; चालक गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार देर रात पांवटा साहिब के बांगरण चौक बाईपास पर एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर में एक 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात दोनों युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही वे बांगरण चौक बाईपास के समीप पहुंचे तो एक तेज रफ्तार ट्राले ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही जान चली गई। मृतक की पहचान दुगाना गांव निवासी ऋतिक पुंडीर (26) पुत्र कबूल चन्द के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल हुए कमरऊ निवासी दूसरे युवक को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर (देहरादून) रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही पांवटा साहिब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी ट्राला चालक को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन को जब्त कर लिया है। हादसे के सटीक कारणों और लापरवाही की जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि मृतक ऋतिक पुंडीर के पिता कबूल चन्द कफोटा स्थित एक स्कूल में अर्थशास्त्र के प्रवक्ता हैं। एक होनहार और नौजवान बेटे की इस तरह अचानक हुई मौत से परिवार और पूरे दुगाना क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों से होने वाले हादसों और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!