वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: श्रद्धालुओं से भरा ट्रक खाई में गिरा, 11 वर्षीय बच्ची की गई जान; 51 लोग घायल

हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी रास्तों पर मालवाहक वाहनों में सफर करना किस कदर जानलेवा हो सकता है, इसका एक खौफनाक उदाहरण हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में सामने आया है। मंगलवार को पीरनिगाह मंदिर के पास हरियाणा के श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में 11 वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि 51 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें से तीन जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र से करीब 60 श्रद्धालुओं का जत्था रविवार को इसी मालवाहक ट्रक में सवार होकर पीरनिगाह पहुंचा था। श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन करने के साथ-साथ भंडारे का भी आयोजन किया। मंगलवार सुबह यह जत्था अगली धार्मिक यात्रा के तहत मां नयना देवी के लिए रवाना हुआ। लेकिन पीरनिगाह से महज दो किलोमीटर आगे ढलान पर ट्रक के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक सीधे सड़क से नीचे खाई में जा समाया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार और कोहराम मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया।

क्षेत्रीय अस्पताल से चार बेहद गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। इनमें नरेश कुमार की 11 वर्षीय बेटी पायल भी शामिल थी। पायल के सिर में गहरी चोटें आई थीं, जिसके चलते उसने पीजीआई ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए राकेश कुमार (50), नीतू (27) और जयदीप (18) को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

वहीं, अन्य 48 घायलों का इलाज ऊना अस्पताल में जारी है। इनमें 2 महीने की बच्ची से लेकर 85 साल की बुजुर्ग महिला तक शामिल हैं। भर्ती घायलों में संजय (40), पूनम (29), कौशल्या (50), रेखा, नैना (18), गुंजन (5), शिवांशी (4), सतपाल (50), मोहित (20), अंजली (18), नरेश कुमार (26), आशा (30), रामप्यारी (85), दो माह की लावन्या, दिव्या (3) और ममता (25) सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हैं। ये सभी हरियाणा के करनाल (इंद्री) के ही रहने वाले हैं।

ऊना के पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों व घायलों के बयान दर्ज किए गए हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद एसपी ने आम जनता और श्रद्धालुओं से एक सख्त अपील की है कि वे किसी भी सूरत में मालवाहक (सामान ढोने वाले) वाहनों में सफर न करें। साथ ही उन्होंने पहाड़ी सड़कों पर निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी है, ताकि ऐसी त्रासदियों को रोका जा सके।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!