वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: श्मशानघाट, सफेद कपड़ा और तस्वीरों में गड़ी कीलें, ऊना में तंत्र-मंत्र की खौफनाक साजिश से दहशत

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में तंत्र-मंत्र का एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। नारी-चिंतपूर्णी के वार्ड नंबर-पांच स्थित श्मशानघाट में कुछ लोगों की तस्वीरें सफेद कपड़े में लिपटी हुई मिली हैं। रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि हर तस्वीर पर तीन-तीन कीलें ठोंकी गई हैं, जो सीधे तौर पर किसी तांत्रिक क्रिया या काले जादू की ओर इशारा कर रही हैं। इस घटना ने गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, खासकर इसलिए क्योंकि इन तस्वीरों में इलाके के रसूखदार लोगों के चेहरे शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम जब कुछ ग्रामीण श्मशानघाट की तरफ गए, तो वहां का नजारा देखकर सन्न रह गए। मौके पर सफेद कपड़े में लपेटी गई पांच तस्वीरें पड़ी थीं। इन तस्वीरों के साथ अंतिम संस्कार और तांत्रिक क्रियाओं में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री भी रखी गई थी। वहां कुछ खाद्य सामग्री भी पड़ी थी, जिसे बाद में आवारा कुत्ते घसीटते हुए देखे गए। शाम का वक्त और अंधेरा होने के कारण ग्रामीण पूरे इलाके की ठीक से तलाशी नहीं ले पाए, लेकिन जितनी चीजें वहां दिखीं, वह किसी गहरी साजिश का हिस्सा लग रही थीं।

इस तांत्रिक क्रिया के निशाने पर आम लोग नहीं, बल्कि इलाके के जनप्रतिनिधि और नेता हैं। बरामद की गई तस्वीरों में नारी गांव (वार्ड नंबर-तीन) के कारोबारी और युवा भाजपा नेता सुनीश डढवाल तथा पंचायत के उपप्रधान सुरेंद्र कुमार सोनी की तस्वीरें स्पष्ट रूप से पहचानी गई हैं।
भाजपा नेता सुनीश डढवाल ने इस घटना पर हैरानी जताते हुए कहा कि श्मशानघाट में मिली उनकी तस्वीर सोशल मीडिया से डाऊनलोड करके प्रिंट की गई है। उन्होंने इसे एक गंभीर साजिश करार देते हुए पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाने की बात कही है।

मंगलवार शाम अंधेरा और आसपास घनी घास होने के कारण यह पता नहीं चल सका है कि श्मशानघाट में और कितनी तस्वीरें या तांत्रिक सामग्री छिपाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि दिन की रोशनी में ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी। इलाके में फैली दहशत के बीच पंचायत प्रधान प्रवीण वाला ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें इस खौफनाक वाकये की शिकायत मिली है और पुलिस कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया है। डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि ग्रामीणों और पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला तंत्र-मंत्र और किसी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने या नुक्सान पहुंचाने की नीयत से जुड़ा लग रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि श्मशानघाट में यह खौफनाक खेल खेलने के पीछे किसका हाथ है और इसका असली मकसद क्या था।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!