हिमाचल प्रदेश की होली घाटी में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों में पूरे उत्साह से जुटे प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी की करंट लगने से जान चली गई। जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 12 बजे जब चंद्रमणि अपने साथियों के साथ मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए पोस्टर, बैनर और झंडे लगा रहे थे, तभी वे अचानक बिजली की तारों की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना जोरदार था कि इस युवा नेता की मौके पर ही मौत हो गई।
पैतृक गांव में पंचतत्व में विलीन हुए चंद्रमणि
हादसे के बाद गुरुवार को चंद्रमणि कुलेठी का उनके पैतृक गांव कुलेठी में नम आंखों के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक होनहार युवा नेता के इस तरह अचानक चले जाने से पूरे चंबा और भरमौर क्षेत्र में भारी शोक की लहर है। इलाके के लोग इस अकल्पनीय घटना से गहरे सदमे में हैं।
मौत से चंद घंटे पहले का वीडियो कर रहा भावुक
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि मौत से महज कुछ घंटे पहले ही चंद्रमणि का एक मीडिया बाइट सामने आया था, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में चंद्रमणि बेहद खुशी के साथ मुख्यमंत्री सुक्खू का होली पंचायत का दौरा तय करने के लिए उनका आभार जता रहे थे। वह पूरे जोश में बता रहे थे कि सीएम नाग मंदिर के पास स्थानीय लोगों, महिला मंडल और युवक मंडल से रूबरू होंगे और उनका रात्रि विश्राम भी यहीं होगा। किसी को अंदाजा नहीं था कि सीएम के स्वागत की बात करने वाले चंद्रमणि का यह आखिरी वीडियो होगा।
2 साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया
पारिवारिक मोर्चे पर यह घटना हृदयविदारक है। चंद्रमणि कुलेठी अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। लगभग चार साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। उनके निधन से उनके दो साल के मासूम बेटे के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया है। राजनीतिक गलियारों में भी चंद्रमणि एक मजबूत पकड़ रखते थे। वह पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के बेहद करीबी माने जाते थे और इस बार भरमौर विधानसभा सीट से टिकट के प्रमुख दावेदारों की सूची में शामिल थे।
हेलीकॉप्टर न मिलने से नहीं पहुंच पाए सीएम, सभी कार्यक्रम किए रद्द
अपने होनहार युवा नेता के निधन पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने शोक स्वरूप आज और कल के होली क्षेत्र के अपने सभी प्रस्तावित कार्यक्रम तुरंत रद्द कर दिए हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू आज खुद होली जाकर चंद्रमणि के परिजनों से मिलना चाहते थे और उन्हें सांत्वना देना चाहते थे, लेकिन ऐन वक्त पर हेलीकॉप्टर उपलब्ध न हो पाने के कारण उनका यह दौरा रद्द हो गया।
पुलिस कर रही घटना के कारणों की जांच
हादसे की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटना के कारणों और उस समय की परिस्थितियों की गहनता से जांच कर रही है। आखिर बैनर लगाते समय तारों की चपेट में आने की असल वजह क्या रही और क्या इसमें कोई लापरवाही हुई, इन सभी सवालों के जवाब पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।







