उत्तर प्रदेश के उन्नाव से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक 40 वर्षीय महिला ने अपने तीसरे प्रेमी के साथ मिलकर अपने 28 साल के दूसरे पति की बेरहमी से हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के इरादे से आरोपियों ने शव को एक बड़े बक्से में बंद किया और किराए के लोडर से ले जाकर हाईवे के किनारे फेंक दिया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और सीसीटीवी कैमरों ने 24 घंटे के भीतर इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी महिला का नाम नेहा (40 वर्ष) है। नेहा की पहली शादी 23 साल पहले जगदीश नाम के व्यक्ति से हुई थी, जिससे उसकी चार बेटियां हैं। करीब 8 साल पहले नेहा अपने पहले पति और बच्चों को छोड़कर 12 साल छोटे सोनू (28 वर्ष) के साथ रहने लगी थी। दोनों का एक बच्चा भी है। हाल ही में नेहा के अपने पड़ोसी जितेंद्र (उर्फ राहुल) के साथ अवैध संबंध बन गए थे। नेहा अब जितेंद्र के साथ रहना चाहती थी, लेकिन उसका दूसरा पति सोनू इस बात का विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर नेहा ने जितेंद्र के साथ मिलकर सोनू को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस पूछताछ में आरोपी नेहा ने बताया कि सोमवार रात सोनू शराब पीकर आया था और उनके बीच विवाद हुआ था। रात करीब 12 बजे जब सोनू सो रहा था, तब नेहा ने उस पर सिलबट्टे (पत्थर) से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद अपने प्रेमी जितेंद्र को बुलाकर कंबल से मुंह दबाकर सोनू की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए एक बड़ी योजना बनाई गई। आरोपियों ने सोनू के शव को एक बड़े बक्से में भर दिया। इस काम में मदद के लिए जितेंद्र ने तौहीद और एक नाबालिग लड़के को 10 हजार रुपए का लालच देकर शामिल किया। कमरा बदलने (शिफ्टिंग) का बहाना बनाकर 1,200 रुपए में एक लोडर बुक किया गया। इसके बाद बक्से को लोडर में लादकर घर से करीब 21 किलोमीटर दूर रायबरेली-उन्नाव हाईवे पर सड़क किनारे फेंक दिया गया।

आरोपियों को लगा था कि वे आसानी से बच निकलेंगे, लेकिन हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों ने उनकी साजिश नाकाम कर दी। पुलिस को जब अज्ञात बक्सा और उसमें शव मिला, तो सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में लोडर की आवाजाही संदिग्ध लगी। पुलिस ने लोडर मालिक और ड्राइवर से पूछताछ की, जिससे सारी कड़ियां जुड़ती चली गईं। उन्नाव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पत्नी नेहा, उसके प्रेमी जितेंद्र और शव ठिकाने लगाने में मदद करने वाले तौहीद को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा, मामले में शामिल एक नाबालिग को भी बाल सुधार गृह भेजा गया है।
हाल ही के दिनों में अवैध संबंधों के चलते जीवनसाथी की हत्या के कई मामले सामने आए हैं, जो समाज के लिए एक गंभीर चिंता का विषय बन गए हैं। पुलिस इस मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत सख्त से सख्त सजा दिलाने की तैयारी कर रही है।







