वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: देवभूमि में नशे के कारोबार का पर्दाफाश, 2 किलो से अधिक चरस सहित महिला तस्कर गिरफ्तार

विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पार्वती घाटी में नशा तस्करों का नैटवर्क तोड़ने के लिए कुल्लू पुलिस ने अपना शिकंजा और कस दिया है। इसी कड़ी में पुलिस के जिला डिटैक्शन सैल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बरशैणी-तोष सड़क मार्ग से एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। महिला के कब्जे से 2.022 किलोग्राम चरस बरामद की गई है। यह खेप घाटी में सक्रिय नशे के किसी बड़े नैटवर्क का हिस्सा मानी जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते दिन कुल्लू जिला डिटैक्शन सैल की टीम बरशैणी-तोष सड़क मार्ग पर स्थित पार्किंग के समीप गश्त और नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक महिला की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। पुलिस टीम ने तुरंत उसे रोका और नियमानुसार उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान महिला के पास से 2.022 किलोग्राम चरस बरामद हुई, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि 39 वर्षीय आरोपी महिला मूल रूप से नेपाल की रहने वाली है। हैरानी की बात यह है कि वह पिछले कुछ समय से कुल्लू के दूरदराज पर्यटन गांव ‘तोष’ में ही अपना बेस बनाकर रह रही थी। इस खुलासे के बाद पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या महिला किसी बड़े अंतर्राष्ट्रीय या अंतर्राज्यीय ड्रग नैटवर्क के लिए कूरियर का काम कर रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना मनीकर्ण में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

कुल्लू जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर ने इस कामयाबी पर बताया कि पुलिस अब इस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। पुलिस का मुख्य फोकस अब इस नशे की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालना है। यानी यह खेप महिला तक कहां से पहुंची और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। एसपी ने बताया कि पुलिस का यह अभियान आगे भी इसी कड़ाई के साथ जारी रहेगा, ताकि देवभूमि को नशे के इस जाल से पूरी तरह मुक्त किया जा सके।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!