वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: हाईवे पर बेकाबू ट्रक ने बरपाया कहर, 4 वाहन चकनाचूर, 6 लोग घायल

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। अंब उपमंडल के कुठियाड़ी इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक के बाद एक चार वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 6 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से एक को गंभीर हालत के चलते क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर किया गया है।

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार ऊना की तरफ से आ रहे एक ट्रक (HP-12F-7596) की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसी दौरान उसने अंब से मैहतपुर की ओर जा रहे नेशनल हाईवे अथॉरिटी के कैंपर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भयंकर थी कि ट्रक उस कैंपर को सड़क पर करीब 30 फुट तक घसीटता हुआ ले गया।

ट्रक द्वारा कैंपर को घसीटे जाने के कारण हाईवे पर अचानक ब्रेक लगने और टकराव की स्थिति बन गई। इसके चलते कैंपर के ठीक पीछे चल रही एक कार, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी इस हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हादसे में कार और कैंपर के अगले हिस्से पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो गए और उनके परखच्चे उड़ गए।

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। ऐसे में स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला और तुरंत सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया। घायलों की पहचान बाइक सवार अभिषेक (25) निवासी नकड़ोह, कैंपर चालक बाबूराम (60) निवासी हरीपुर दोसड़का, सविता (35) निवासी कटौहड़ खुर्द, गोल्डी सिंह (40) निवासी कटौहड़ खुर्द, आदित्य (23) निवासी अंबाला और स्कूटी चालक विशाल (23) निवासी लोअर अंदौरा के रूप में हुई है। इस हादसे में बाइक सवार अभिषेक के सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आने के चलते अंब अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया है। अन्य पांच घायलों का उपचार अंब अस्पताल में ही जारी है।

सड़क हादसे के मंजर को देखकर ट्रक का क्लीनर घबरा गया और मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही अंब पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में साक्ष्य जुटा लिए हैं और लापरवाह ट्रक चालक के खिलाफ आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!