वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कुल्लू के कारोबारी से 83.90 लाख रुपए की ठगी, हरियाणा की फर्म ने ऐसे लगाया चूना

हिमाचल प्रदेश में कुल्लू जिले में व्यापारिक मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपए की ठगी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। भुंतर में एक स्थानीय कारोबारी को हरियाणा की एक कंस्ट्रक्शन फर्म ने सस्ते बिल्डिंग मैटीरियल की सप्लाई का झांसा देकर 83.90 लाख रुपए का भारी-भरकम चूना लगा दिया है। हैरानी की बात यह है कि ठगी का अहसास होने पर जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उल्टे 50 लाख रुपए की और डिमांड करते हुए उसे जानमाल की धमकियां दे डालीं।

जानकारी के मुताबिक भुंतर में सीमैंट एंड हार्डवेयर का कारोबार करने वाले पीड़ित संचालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़ित के अनुसार यमुनानगर (हरियाणा) की एक कंस्ट्रक्शन फर्म ने उनसे संपर्क साधा था। फर्म के प्रतिनिधियों ने कारोबारी को विभिन्न कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स का हवाला देते हुए बाजार भाव से काफी कम दाम पर सरिया, सीमेंट और अन्य निर्माण सामग्री सप्लाई करने का भरोसा दिया। इस डील और फर्म के झूठे वादों पर विश्वास करते हुए भुंतर के कारोबारी ने अलग-अलग तारीखों में नेट बैंकिंग के जरिए फर्म के बताए गए बैंक खातों में कुल 83 लाख 90 हजार रुपए की बड़ी रकम एडवांस में ट्रांसफर कर दी।

लाखों रुपए बैंक खातों में क्रेडिट होते ही हरियाणा की फर्म का असली चेहरा सामने आ गया। तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी भुंतर में कोई कंस्ट्रक्शन मैटीरियल नहीं पहुंचा। जब कारोबारी ने माल के लिए संपर्क किया, तो शुरुआत में आरोपी टालमटोल करते रहे और बाद में फोन उठाना ही पूरी तरह बंद कर दिया। धोखाधड़ी का मामला तब ब्लैकमेलिंग में बदल गया, जब पीड़ित ने दबाव डालकर अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि फर्म के लोगों ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने पैसे लौटाने से साफ इंकार करते हुए धमकी दी कि यदि कारोबारी ने 50 लाख रुपए और नहीं दिए, तो उसे इसके बेहद गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

इस भारी-भरकम धोखाधड़ी और एक्सटॉर्शन से परेशान कारोबारी ने भुंतर पुलिस थाने में न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत का कड़ा संज्ञान लेते हुए धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस मामले में डिजिटल मनी ट्रेल की जांच कर रही है। पीड़ित द्वारा किए गए 83.90 लाख रुपए के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की हिस्ट्री और हरियाणा स्थित आरोपी फर्म के बैंक खातों व दस्तावेजों की तकनीकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पुख्ता सबूत जुटाने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही गिरफ्तारी के लिए टीमें भी रवाना की जा सकती हैं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!