देश के कृषि क्षेत्र और करोड़ों अन्नदाताओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। आगामी 30 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलडी से ‘पीएम-किसान सम्मान निधि योजना’ की 24वीं किस्त जारी करेंगे। इस डिजिटल ट्रांसफर के जरिए एक ही क्लिक में देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक पात्र किसान परिवारों के बैंक खातों में 18,680 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि सीधे जमा की जाएगी।
11 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को मिल चुकी है वित्तीय सहायता
पीएम-किसान योजना बिना किसी बिचौलिए के सीधे किसानों तक आर्थिक मदद पहुंचाने का एक सफल मॉडल बन चुकी है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछली 23 किस्तों में देश के 11 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को कुल 4.47 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है। 30 अक्तूबर को जारी होने वाली 24वीं किस्त इस ऐतिहासिक आंकड़े को और आगे ले जाएगी।
पूरे देश में होगा कार्यक्रम का लाइव स्ट्रीम
इस राष्ट्रीय स्तर के ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम को पूरे देश में लाइव स्ट्रीम किया जाएगा, ताकि देश के कोने-कोने से किसान इससे जुड़ सकें। मुख्य आयोजन स्थल गुजरात में बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं। राज्य भर में 34 जिला-स्तरीय स्थानों और 2,100 से अधिक क्लस्टर-स्तरीय केंद्रों पर समानांतर कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन मंचों पर मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, कृषि वैज्ञानिकों और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी। साथ ही, कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को कृषि एवं बागवानी विभाग की अन्य कल्याणकारी योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी बांटे जाएंगे।
किसे और कितनी मिलेगी धनराशि?
इस योजना के तहत सरकार किसानों को खेती-किसानी की जरूरतों के लिए प्रतिवर्ष 6,000 रुपए की सुनिश्चित आर्थिक सहायता देती है। यह राशि 2,000 रुपए की तीन समान किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। 24वीं किस्त के रूप में सभी पात्र किसानों को 2,000 रुपए प्राप्त होंगे। हालांकि, सरकार ने पात्रता के सख्त नियम बनाए हैं, जिसके तहत संस्थागत भूमि धारकों, उच्च आय वर्ग के लोगों, पैंशनभोगियों और संवैधानिक पदों पर कार्यरत या पूर्व में रहे व्यक्तियों को इस योजना के लाभ से बाहर रखा गया है।
e-KYC के बिना रुक सकती है किस्त
भुगतान प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए e-KYC को अनिवार्य कर दिया गया है। किसान भुगतान से पहले अपनी स्थिति आसानी से ऑनलाइन चैक कर सकते हैं:
- पीएम-किसान के आधिकारिक पोर्टल (https://pmkisan.gov.in/) पर विजिट करें।
- होमपेज पर मौजूद ‘Know Your Status’ लिंक पर क्लिक करें।
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड डालकर सबमिट करें।
- इसके बाद स्क्रीन पर आपके e-KYC की स्थिति, बैंक खाते का रिकॉर्ड और 24वीं किस्त का स्टेटस स्पष्ट रूप से दिखाई दे जाएगा।







