हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। करवाचौथ के त्योहार से ठीक एक दिन पहले घुमारवीं शहर में एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब 50 वर्षीय एक अध्यापक की जिम में कसरत करते समय अचानक मौत हो गई। जिस पत्नी ने अगले दिन अपने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखना था, उसे एक दिन पहले ही अपने सुहाग के उजड़ने की मनहूस खबर मिल गई। प्रथम दृष्टया मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना माना जा रहा है।
मृतक की पहचान विशाल कौंडल के रूप में हुई है, जो बिलासपुर जिले की घुमारवीं तहसील के गांव जोलपलाखी के निवासी थे और घुमारवीं स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में बतौर अध्यापक अपनी सेवाएं दे रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विशाल बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे जिम पहुंचे थे। कुछ देर कसरत करने के बाद वह अचानक फर्श पर बैठ गए और फिर लेट गए। शुरुआत में वहां मौजूद लोगों को लगा कि वह थकान के कारण कुछ पल आराम कर रहे हैं। लेकिन, करीब एक मिनट बाद उनके शरीर में तेज हलचल होने लगी, जिससे लोगों को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ।
स्थिति की नजाकत को भांपते हुए जिम में मौजूद एक व्यक्ति ने तुरंत उन्हें सीपीआर देकर उनकी जान बचाने का भरपूर प्रयास किया। जब स्थिति में सुधार नहीं दिखा, तो जिम में मौजूद लोग उन्हें आनन-फानन में सिविल अस्पताल घुमारवीं ले गए। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, विशाल पहले भी जिम जाते थे, लेकिन बीच में उन्होंने करीब तीन महीने का ब्रेक लिया था। महज 15 दिन पहले ही उन्होंने दोबारा जिम में कसरत करना शुरू किया था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घर में जहां करवाचौथ के त्योहार को लेकर तैयारियां चल रही थीं, वहीं इस दुखद खबर के आने से परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने एक बार फिर फिटनेस के दौरान हो रही अचानक मौतों पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है।








