वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Breaking: PM मोदी के हिमाचल दौरे के बीच मंडी और चंबा मेडिकल कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजैंसियां अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में उस वक्त हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब मंडी जिले के श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक और चम्बा जिले के पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी एक ई-मेल के जरिए भेजी गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिमाचल दौरे के बीच मिली इस धमकी ने सुरक्षा एजैंसियों सतर्क कर दिया है और पूरे प्रदेश में अलर्ट का माहौल है।

बता दें कि जैसे धमकी मिली ताे प्रशासन ने बिना कोई देरी किए दोनों मेडिकल कॉलेजों को खाली करवा दिया। इस दाैरान गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को उनके बिस्तरों से उठाकर स्ट्रेचर और व्हीलचेयर पर अस्पताल से बाहर लाया गया। चिलचिलाती धूप से बचने के लिए उन्हें पेड़ों की छांव में लिटाया और बिठाया गया। किसी के हाथ में ड्रिप लगी थी, तो कोई ऑक्सीजन सिलेंडर के सहारे सांस ले रहा था। मरीजों के चेहरों पर बीमारी का दर्द तो था ही, साथ ही इस अनहोनी की आशंका का खौफ भी साफ नजर आ रहा था। उनके तीमारदार उन्हें हिम्मत बंधाते और पंखों से हवा करते दिखे, लेकिन उनकी आंखों में भी चिंता की लकीरें साफ थीं।

सूचना मिलते ही मंडी और चम्बा दोनों जगहों पर पुलिस और प्रशासन की टीमें भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गईं। मंडी से क्विक रिस्पांस टीम (और बम निरोधक दस्ते को तुरंत नेरचौक भेजा गया। दमकल विभाग की गाड़ियां भी सायरन बजाती हुई मौके पर पहुंच गईं। 4 मंजिला नेरचौक मेडिकल कॉलेज भवन को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। स्निफर डॉग्स की मदद से अस्पताल के चप्पे-चप्पे, हर कमरे और कोने की तलाशी ली जा रही है। अस्पताल परिसर में और पार्किंग में खड़ी सभी गाड़ियों को भी हटाकर उनकी जांच की जा रही है।

आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश में इस तरह की धमकी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी मंडी उपायुक्त कार्यालय, राज्य सचिवालय शिमला और कई अन्य जिलों के डीसी ऑफिस को भी इसी तरह ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। हालांकि, उन सभी मामलों में जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था। सुरक्षा एजैंसियां इस पैटर्न की भी जांच कर रही हैं कि कहीं यह किसी शरारती तत्व की करतूत तो नहीं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!