ऊना जिले में पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) टीम ने शराब माफिया के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की एक बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कोटला कलां में नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 200 पेटियां (2400 बोतलें ) अंग्रेजी शराब की बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसआईयू टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक के माध्यम से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना सदर ऊना के अंतर्गत टीम ने शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि को कोटला कलां स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास नाका लगाया। इसी दौरान चंडीगढ़ से लेह की ओर जा रहे एक ट्रक ( HP-07F-3465) को जांच के लिए रोका गया।
जब पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें से 200 गत्ता पेटियां बरामद हुईं, जिनमें अंग्रेजी शराब ‘ओल्ड मोंक’ की कुल 2400 बोतलें भरी हुई थीं। पुलिस ने जब ट्रक चालक दिले राम पुत्र शेर सिंह, निवासी गांव गमदोहल व जिला मंडी और उसके साथी अनीश कुमार पुत्र कर्मवीर निवासी गांव बजूरी व जिला हमीरपुर से शराब के परिवहन से संबंधित लाइसैंस या परमिट मांगा, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार भाटिया ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शराब की यह खेप अवैध रूप से दूसरे राज्यों में सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि इस अवैध तस्करी के नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके और पूरी सप्लाई चेन का पर्दाफाश किया जा सके।








