वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: पति बना हैवान…भाइयाें के साथ मिलकर ली पत्नी की जान, फिर जुर्म छिपाने के लिए सेप्टिक टैंक में डाल दी लाश

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। सदर थाना के अंतर्गत कोसरियां गांव में एक प्रवासी महिला की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को सेप्टिक टैंक में छिपा दिया गया। मामले का खुलासा तब हुआ जब टैंक से दुर्गंध आने लगी। इस वारदात के बाद से महिला का पति और उसके दो भाई (मृतका के देवर) फरार हैं।

सेप्टिक टैंक को सीमेंट से किया था सील

मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 36 वर्षीय गुड़िया देवी के रूप में हुई है। गुड़िया अपने पति गोविंद चौहान के साथ कोसरियां में किराए के मकान में रहती थी। आरोपियों ने हत्या को अंजाम देने के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे सेप्टिक टैंक में डाल दिया था। साक्ष्य मिटाने और बदबू रोकने के लिए आरोपियों ने टैंक के ढक्कन वाली जगह को सीमेंट से पूरी तरह सील कर दिया था।

टैंक के अंदर महिला की लाश देख उड़ गए लाेगाें के हाेश

सोमवार को स्थानीय लोगों को टैंक के पास से तेज दुर्गंध महसूस हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टैंक को खुलवाया, तो अंदर महिला की लाश देख सभी के होश उड़ गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी बिलासपुर संदीप धंवल, थाना प्रभारी सदर और फाेरैंसिक साइंस लैब की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

झारखंड का रहने वाला है परिवार

पुलिस के अनुसार, यह परिवार मूल रूप से झारखंड के पलामू जिले के नोडिया गांव का रहने वाला है। वारदात के बाद से महिला का पति गोविंद और उसके दो भाई बंसी चौहान व गुड्डू फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस को अंदेशा है कि इन तीनों ने मिलकर ही महिला की हत्या की है।

मृतका के भाई ने लगाई न्याय की गुहार

झंडूता में रहने वाले मृतका के भाई सुखवीर चौहान ने मौके पर पहुंचकर अपनी बहन की शिनाख्त की। उन्होंने अपने जीजा और उनके भाइयों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। सुखवीर ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

एसपी संदीप धंवल ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के असली कारणों का खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!