वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: ऊना के धुसाड़ा में कार से प्रतिबंधित दवाइंयाें की खेप बरामद, अंतर्राज्यीय सप्लायर गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में नशे के खिलाफ जारी जंग में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सीआईडी एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने अम्ब उपमंडल के तहत धुसाड़ा क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर एक कार से ट्रामाडोल की 31,800 गोलियां, अल्प्राजोलम की 3,765 गोलियां ओर प्रीगैबलिन की 8,000 गोलियां बरामद की हैं। ये तीनों दवाइयां प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं और इनका अवैध कारोबार विशेष रूप से युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने का काम कर रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जिसे बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। आरोपी की पहचान संजीव कुमार पुत्र निक्का राम, निवासी गोंदपुर बनेहड़ा के रूप में हुई है। आरोपी गोंदपुर बनेहड़ा में मन्नत मेडिकल स्टोर का संचालक बताया जा रहा है और वर्तमान में चंडीगढ़ में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से कूरियर के माध्यम से प्रतिबंधित नशीली दवाइयां मंगवाकर उनकी सप्लाई कर रहा था।

पहले भी हाे चुकी है ऐसी कार्रवाई

उल्लेखनीय है कि अम्ब क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से दवाइयों की आड़ में चल रहे काले कारोबार का पर्दाफाश हो रहा है। इससे पहले 19 दिसम्बर, 2025 को भी वार्ड नंबर-3 में एक दवा कारोबारी के घर से 2330 गोलियां और 24.35 लाख रुपए की नकदी बरामद की गई थी। उस मामले में मेडिकल स्टोर संचालक और एमआर सहित तीन लोग पहले ही सलाखों के पीछे हैं। पुलिस के अनुसार बरामद गोलियों की इतनी बड़ी संख्या इस बात की ओर इशारा करती है कि क्षेत्र में नशा माफिया की जड़ें काफी गहरी हैं। एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने  मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी सख्ती से जारी रहेगा और जिला ऊना को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना बेझिझक पुलिस को दें।

नशे के अवैध धंधे में संलिप्त लोगों में हड़कंप

लगातार हो रही छापेमारी और बड़ी बरामदगी से नशे के अवैध धंधे में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धुसाड़ा में पकड़ी गई इन प्रतिबंधित नशीली दवाइयां का मुख्य स्रोत क्या था और इन्हें कहां सप्लाई किया जाना था।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!