वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: नल से टपक रही थी माैत…पूरे गांव काे खत्म करने की थी साजिश, फिर एक शख्स ने ऐसे बचा ली सबकी जान

हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के रोहड़ू में एक ऐसी खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ, जिसने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए। ब्रेष्टू गांव के करीब 30 घराें में सप्लाई हाेने वाले पीने के पानी काे कुछ अज्ञात शैतानों ने जहर बनाने की कोशिश की। गनीमत यह रही कि एक शख्स की नाक और सूझबूझ ने पूरे गांव को बचा लिया, अन्यथा कई लाेग काल का ग्रास बन जाते।

जानकारी के अनुसार गांव के निवासी आदर्श शर्मा पुत्र स्व. विनोद शर्मा अपने घर में इत्मीनान से भोजन कर रहे थे। प्यास बुझाने के लिए जैसे ही उन्होंने पानी का गिलास होठों के करीब किया, एक अजीब और बेहद तीखी गंध ने उन्हें ठिठकने पर मजबूर कर दिया। यह गंध पानी की नहीं, बल्कि किसी तेज दवा की थी। आदर्श ने एक पल की भी देरी नहीं की। खतरे की घंटी उनके दिमाग में बज चुकी थी। उन्होंने तुरंत गिलास परे रखा और घर से बाहर दौड़ लगा दी। उन्होंने चीखकर पड़ोसियों को आगाह किया कि पानी मत पीना, इसमें काेई दवा मिली हुई है। देखते ही देखते यह खबर आग की तरह फैल गई। जब अन्य ग्रामीणों ने नल चलाकर देखा, तो वही जानलेवा गंध हर घर में महसूस की गई।

मामले की नजाकत को भांपते हुए तुरंत जल शक्ति विभाग को सूचना दी गई। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचर जब पानी की सप्लाई रोकी और टैंक की जांच की तो हकीकत जानकर उनके भी होश उड़ गए। पानी में कीटनाशक की मिलावट के सबूत मिले…वही जहरीली दवा जो सेब के बगीचों में कीड़े मारने के लिए इस्तेमाल होती है। जांच में यह साफ हो गया कि किसी शातिर दिमाग ने पाइपलाइन या मुख्य टैंक में यह जहर घोलकर पूरे गांव को सामूहिक रूप से निशाना बनाने की साजिश रची थी।

रोहड़ू पुलिस ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया है। आदर्श शर्मा की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 279 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पानी के सैंपल अब फोरेंसिक लैब में हैं, ताकि जहर की सही मात्रा और किस्म का पता चल सके।

सवाल बड़ा है कि आखिर वह कौन है जो पूरे गांव काे निशाना बनाना चाहता था? क्या यह कोई आपसी रंजिश है या किसी सिरफिरे की पागलपन भरी हरकत? पुलिस अब उस अदृश्य हाथ की तलाश में है जिसने पानी में जहर घोला। फिलहाल, गांव में डर का माहौल है, लेकिन आदर्श शर्मा की सतर्कता ने साबित कर दिया है कि थोड़ी सी सावधानी बड़ी से बड़ी तबाही को टाल सकती है। प्रशासन ने टैंकों को साफ करवा दिया है, लेकिन लोगों के जेहन से इस खौफ को साफ होने में अभी वक्त लगेगा।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!