हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिले के निचार उपमंडल के अंतर्गत आने वाले जानी लिंक रोड पर एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के मां-बेटे ने भी अपनी जान गंवाई है। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
मिली जानकारी के अनुसार कार (HP 26B-8999) जानी लिंक रोड पर अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सड़क से नीचे सीधे गहरी ढलान वाली खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। खाई गहरी होने के कारण रैस्क्यू ऑप्रेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला और घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे में मारे गए लाेगाें की पहचान हिमेश कुमार (19) पुत्र नरेश कुमार, हिमेश की माता कृष्णा देवी (42) पत्नी नरेश कुमार, निवासी गांव जानी, सुषमा (47) पत्नी रोशन लाल, निवासी गांव ग्रांगे और इंद्र लाल (30) पुत्र हरि लाल, निवासी गांव जानी के रूप में की गई है। वहीं हादसे में विद्या कृष्ण (32) पुत्र हरि लाल, निवासी गांव जानी गंभीर रूप से घायल हुए है, जिसका इलाज चल रहा है।
कार्यवाहक एसपी एवं डीएसपी भावानगर राजकुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल हादसे के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई या मानवीय चूक की वजह से। एक साथ चार लोगों की मौत की खबर सुनते ही पूरे निचार क्षेत्र और जानी गांव में मातम छा गया है। मां-बेटे की एक साथ मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।








