देखिए… ये हैं वो तीन बदनसीब चेहरे… तीन दोस्त… और तीन बुझे हुए घरों के चिराग। जिन्होंने सोचा था कि शनिवार की रात एक एडवैंचर होगी, लेकिन किसे पता था कि ये रात उनकी जिंदगी की आखिरी रात बन जाएगी। जहां आज सारा देश शिवरात्रि के जश्न में डूबा है, हिमाचल के मंडी में आज मातम पसरा है… क्योंकि आज इन तीनों नौजवानों की अर्थियां एक साथ उठने वाली हैं।
आधी रात का वक्त था… सन्नाटा पसरा था। घरवाले गहरी नींद में सो रहे थे, जब ये चारों दोस्त चुपचाप दबे पांव घर से बाहर निकले। बिना किसी को बताए, बिना किसी को खबर किए। शायद ये मौत का बुलावा ही था जो उन्हें खींचकर ले गया। वो निकले तो थे घूमने, लेकिन रास्ते के मोड़ पर साक्षात ‘काल’ उनका इंतजार कर रहा था।
गाड़ी का नंबर था HP 65 5148… सिलीबागी से लंबाथाच की ओर बढ़ते हुए जैसे ही गाड़ी बुनालीधार के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। उस अंधेरी खाई में सिर्फ चीखें गूंजी होंगी और फिर… हमेशा के लिए खामोशी छा गई। देखिए इस गाड़ी का हाल…लोहे के परखच्चे उड़ गए हैं, तो सोचिए उन मासूम जानों का क्या हाल हुआ होगा।
अभी तो इन लड़काें काे जिंदगी शुरू भी नहीं हुई थी। 19 साल का ऋतिक, 17 साल का सुनील और 18 साल का ईशान… ये महज आंकड़े नहीं हैं, ये अपने माता-पिता की वो उम्मीदें थीं जो अब मिट्टी में मिल चुकी हैं। उनका एक और साथी, 18 साल का कुशाल,अभी अस्पताल में जिंदगी के लिए जंग लड़ रहा है।
कितना क्रूर इत्तेफाक है… जब सुबह दुनिया जाग रही थी, मंदिरों में घंटियां बज रही थीं और लोग शिव के रंग में रंग रहे थे, तब इन लड़कों की आंखें हमेशा के लिए बंद हो गईं। सराज के केलोधार गांव में जब ये खबर पहुंची, तो मानों पहाड़ टूट पड़ा। किसी ने सोचा भी नहीं था कि बिना बताए जाने वाले ये लड़के अब कभी लौटकर नहीं आएंगे।
हादसा लंबाथाच से 6 किलोमीटर आगे हुआ। पुलिस और स्थानीय लोगों ने रैस्क्यू तो किया, लेकिन दो की मौके पर ही मौत हो गई थी और तीसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। लापरवाही कहें या इन बच्चों की नादानी, लेकिन इसकी कीमत तीन परिवारों ने अपनी पूरी दुनिया खोकर चुकाई है।
आज उन माता-पिता के आंसुओं का कोई हिसाब नहीं है। हम बस यही दुआ कर सकते हैं कि भगवान इन मृतकों की आत्मा को शांति दे और उन परिवारों को ये वज्रपात सहने की शक्ति। आपसे बस एक ही अपील है कि अपने बच्चों का ख्याल रखें, क्योंकि आपकी एक पल की बेखबरी, उम्र भर का गम दे सकती है।
नीचे क्लिक कर देखें वीडियो…








