वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: हाईवे पर गाड़ी से नशे की खेप बरामद, पुलिस ने पंजाब के 3 तस्कराें काे दबाेचा

देवभूमि हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस ने अपनी मुहिम और तेज कर दी है। इसी जीरो टॉलरैंस नीति के तहत चंबा जिले की डल्हौजी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने भरमौर-चम्बा-पठानकोट नैशनल हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में चरस की खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से पंजाब के तीन युवकों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। बरामद चरस का कुल वजन 1 किलो 355 ग्राम आंका गया है।

जानकारी के अनुसार डल्हौजी के डीएसपी मयंक शर्मा मंगलवार काे खुद पुलिस टीम की कमान संभाले हुए थे। पुलिस की टीम गोली जीरो प्वाइंट पर नियमित गश्त और यातायात चैकिंग कर रही थी। इस दौरान हर आने-जाने वाले छोटे-बड़े वाहन की बारीकी से तलाशी ली जा रही थी, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर नकेल कसी जा सके। चैकिंग के दौरान पुलिस ने चौहड़ा डैम की तरफ से बनीखेत की ओर आ रही एक पिकअप गाड़ी (PB 02BV-9316) को रुकने का इशारा किया। जैसे ही पुलिस टीम वाहन के पास पहुंची और अंदर बैठे युवकों से सामान्य पूछताछ शुरू की, वे हड़बड़ा गए। उनकी घबराहट और गोलमोल जवाबों ने पुलिस का शक गहरा कर दिया। पुलिस ने जब सख्ती दिखाई, तो उनके चेहरे की हवाइयां उड़ने लगीं।

शक यकीन में बदलते ही पुलिस ने वाहन की सघन तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर छिपाकर रखी गई 1 किलो 355 ग्राम चरस बरामद हुई। इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ देख पुलिस ने तुरंत तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान उजागर की है। गिरफ्तार किए गए तीनों युवक पंजाब के अमृतसर जिले के रहने वाले हैं, जिनके नाम लवजीत सिंह, कुलदीप सिंह और करण शर्मा बताए गए हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अमृतसर के ये युवक कहां से यह चरस लेकर आए थे और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी डल्हौजी मयंक शर्मा ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल कॉल डिटेल्स और पिछले रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!