वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हरियाणा की कानून-व्यवस्था बनेगी पूरे देश के लिए मॉडल, पुलिस के आधुनिकीकरण पर खर्च होंगे 300 करोड़ : सीएम सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य सरकार का संकल्प पुलिस बल को आधुनिक संसाधनों, बेहतर अवसंरचना और अत्याधुनिक प्रशिक्षण से सशक्त बनाकर हरियाणा की कानून-व्यवस्था को देश में एक मॉडल के रूप में स्थापित करना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस बल के आधुनिकीकरण पर 300 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा रही है और 5500 नए पुलिस जवानों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है।

पंचकूला में स्वैट कमांडो के छठे बैच का प्रशिक्षण पूर्ण, 88 जवान हुए तैयार

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को कमांडो प्रशिक्षण केंद्र पंचकूला में स्वैट कमांडो कोर्स के छठे बैच के समापन समारोह को मुख्यातिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस कोर्स में कुल 88 जवानों को आधुनिक हथियारों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, जिसमें 11 पीएसआई और 77 अन्य रैंक के जवान शामिल हैं। तीन महीने के इस गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम में जवानों को एंटी-टैरर ऑप्रेशन, क्लोज क्वार्टर बैटल, ड्रोन ऑप्रेशन, आईईडी हैंडलिंग और फायर फाइटिंग जैसी विशेष तकनीकों में दक्षता प्रदान की गई है।

सीएम ने किया 85 लाख रुपए की लागत वाले वर्चुअल फायरिंग सैंटर का लोकार्पण

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 85 लाख रुपए की लागत से निर्मित अत्याधुनिक आभासी फायरिंग प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। यह अत्याधुनिक फायरिंग प्रशिक्षण केंद्र आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण का ऐसा संगम है जो जवानों को वास्तविक परिस्थितियों का सटीक अनुभव प्रदान करेगा। यह केंद्र जवानों को बिना किसी जोखिम के जटिल परिस्थितियों में अभ्यास का अवसर देगा, उनकी प्रतिक्रिया समय को बेहतर बनाएगा और उनकी फायरिंग सटीकता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। इससे प्रशिक्षण अधिक प्रभावी, वैज्ञानिक और परिणामोन्मुख बनेगा।

चार दशकों में 25,700 से अधिक जवानों को प्रशिक्षित कर चुका है केंद्र

मुख्यमंत्री ने कमांडो ट्रेनिंग सेंटर पंचकूला के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि इस केंद्र की स्थापना वर्ष 1984 में की गई थी और 4 मार्च 1985 से यहां औपचारिक रूप से कमांडो प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उस समय प्रदेश के समक्ष उभरती सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए इस केंद्र की परिकल्पना की गई थी, ताकि विशेष अभियानों के लिए उच्च प्रशिक्षित बल तैयार किया जा सके। लगभग 12 एकड़ क्षेत्र में फैला यह प्रशिक्षण केंद्र आज हरियाणा पुलिस की शौर्यगाथा का जीवंत अध्याय बन चुका है। यहां बेसिक कमांडो कोर्स से लेकर स्वैट कमांडो कोर्स सहित 12 प्रकार के विशेष पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं और अब तक यहां से 25 हजार 700 जवान प्रशिक्षण प्राप्त कर प्रदेश और देश की सेवा में समर्पित हो चुके हैं।

स्वैट कमांडो बनना सिर्फ रैंक नहीं, राज्य का सबसे मजबूत रक्षक बनना है

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वैट कमांडो को संबोधित करते हुए कहा कि जब कोई जवान स्वैट कमांडो बनता है, तो वह केवल एक रैंक नहीं पाता बल्कि वह राज्य की सुरक्षा का सबसे सशक्त प्रहरी बन जाता है। उन्होंने कहा कि स्वैट कमांडो कोर्स के दौरान जवानों ने एंटी-टेरर ऑपरेशन, क्लोज क्वार्टर बैटल, ड्रोन ऑपरेशन, आईईडी हैंडलिंग और फायर फाइटिंग जैसी विशेष तकनीकों में दक्षता हासिल की है।

आतंकवाद से लेकर ड्रोन हमलों तक, हर खतरे से निपटने के लिए तैयार होंगे जवान

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज समय पारंपरिक अपराधों से आगे बढ़ चुका है। आतंकवाद, संगठित अपराध, साइबर-समर्थित हमले और ड्रोन आधारित खतरे जैसी चुनौतियां हमारे सामने हैं। ऐसे समय में स्वैट जैसी विशेष इकाई की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि कमांडो ट्रेनिंग सेंटर पंचकूला आने वाले समय में और भी नई तकनीकों से सुसज्जित होगा। यहाँ सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण, वर्चुअल रियलिटी मॉड्यूल और इंटर-एजेंसी संयुक्त अभ्यास को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि हर जवान केवल शारीरिक रूप से नहीं बल्कि मानसिक और तकनीकी रूप से भी पूरी तरह सक्षम हो।

आधुनिक हथियारों से लेकर साइबर लैब तक, पुलिस को मिल रही हर सुविधा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल के आधुनिकीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आधुनिक हथियार, बेहतर बुलेटप्रूफ उपकरण, संचार प्रणाली का सुदृढ़ीकरण, साइबर लैब की स्थापना और प्रशिक्षण संस्थानों का उन्नयन जैसे सभी कदम इसी दिशा में उठाए गए हैं। सरकार का लक्ष्य हरियाणा की सुरक्षा व्यवस्था को देश में सर्वश्रेष्ठ बनाना है। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य को पूर्ण करने के लिए राज्य में शांति, सुरक्षा और कानून के राज को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जा रही है।

साइबर ठगी रोकने में हरियाणा पूरे देश में सबसे आगे, 256 करोड़ की संपत्ति बचाई

मुख्यमंत्री ने साइबर अपराध से निपटने में हरियाणा की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि साइबर क्राइम के खिलाफ लड़ाई में हरियाणा देश में सबसे आगे है। हरियाणा ने रियल टाइम में 36 प्रतिशत फ्रॉड अमाउंट बचाकर और 1.5 लाख फ्रॉड मोबाइल नंबर ब्लॉक करके नागरिकों की 256 करोड़ रुपये की संपत्ति सुरक्षित की है। इसी प्रकार संगठित अपराध पर कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 426 आपराधिक गैंगों का भंडाफोड़ किया है और विदेश में शरण लिए हुए 15 गैंगस्टरों का प्रत्यार्पण सुनिश्चित किया है।

महिलाओं के प्रति अपराधों में आई 16 प्रतिशत की कमी

मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं के प्रति सुरक्षा की प्रतिबद्धता से वर्ष 2025 में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में 16 प्रतिशत की कमी आई है। दुर्गा शक्ति त्वरित कार्यवाही बल की 30 कंपनियों को तैनात किया गया है और 33 दुर्गा शक्ति वाहनों को हरियाणा-112 में एकीकृत किया गया है। राज्य में 33 महिला पुलिस थाने खोले गए हैं और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं की तत्काल मदद के लिए 239 महिला सहायता डेस्क की स्थापना की गई है।

2029 तक हरियाणा को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशा-मुक्त हरियाणा के संकल्प के साथ सरकार एक्शन प्लान-2029 के साथ मजबूती से आगे बढ़ रही है। यह योजना राज्य को नशे की समस्या से पूर्णतः मुक्त करने के लिए एक व्यापक रणनीति का हिस्सा है।

थाने से लेकर फाेरैंसिक लैब तक ट्रैकिया सिस्टम लागू करने वाला पहला राज्य बना हरियाणा

मुख्यमंत्री ने बताया कि मधुबन स्थित पुलिस कॉम्प्लैक्स की फाेरैंसिक साइंस प्रयोगशाला में ट्रैकिया बार-कोडिंग सिस्टम शुरू किया गया है। थाने के स्तर से लेकर फॉरेंसिक लैब तक इस प्रकार की प्रणाली प्रयोग करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। यह सिस्टम साक्ष्यों की ट्रैकिंग और प्रबंधन को अधिक पारदर्शी और कुशल बनाएगा।

डायल-112 के जरिए 10 मिनट से भी कम समय में पहुंचती है मदद

मुख्यमंत्री ने डायल-112 आपातकालीन सेवा की सफलता का उल्लेख करते हुए बताया कि इस सेवा के माध्यम से 9 मिनट और 44 सैकेंड का तेज रिस्पॉन्स टाइम हासिल किया गया है। यह उपलब्धि सरकार की जवाबदेह गवर्नेंस सिस्टम की निशानी है और नागरिकों को त्वरित सहायता प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

होस्टेज रैस्क्यू से लेकर लाइव फायरिंग तक, कमांडो ने दिखाया दमखम

समापन समारोह के दौरान स्वैट कमांडो द्वारा विभिन्न साहसिक गतिविधियों का शानदार प्रदर्शन किया गया। कमांडो ने वॉक अबाउट ड्रिल, होस्टेज रैस्क्यू ऑप्रेशन, योग प्रदर्शन, टाइल ब्रेकिंग, लाइव फायरिंग और अन्य साहसिक गतिविधियों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इन प्रदर्शनों ने जवानों के कठिन प्रशिक्षण और उनकी क्षमताओं को प्रदर्शित किया।

बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कमांडो को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वैट कमांडो कोर्स के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कमांडो को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कमांडो ट्रेनिंग सेंटर में विभिन्न सुरक्षा उपकरणों और आभासी फायरिंग प्रशिक्षण केंद्र का विस्तृत अवलोकन किया।

डीजीपी बोले-पुलिस के मनोबल को लेकर हमेशा सजग रहते हैं सीएम सैनी

इस अवसर पर संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पुलिस विभाग के कल्याण और सुधार के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच है कि पुलिस के जवानों का मनोबल कभी कम नहीं होना चाहिए। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सीआईडी सौरभ सिंह ने स्वैट कमांडो कोर्स पूरा करने वाले सभी जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि तीन महीने के कोर्स के दौरान जवानों को गंभीर परिस्थितियों से निपटने और कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।

समारोह में शामिल हुए ये अधिकारी

इस महत्वपूर्ण समारोह में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रशासन अमिताभ ढिल्लों, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार, पुलिस आयुक्त पंचकूला शिबास कविराज, आईजीपी कानून एवं व्यवस्था राकेश आर्य, आईजीपी सिक्योरिटी पंकज नैन, आईजीपी सीआईडी अशोक कुमार, उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!