वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हरियाणा: उचाना को CM नायब सैनी की बड़ी सौगात, 103 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास; विपक्ष पर बोला तीखा हमला

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को जींद जिले के उचाना में आयोजित धन्यवाद रैली में शिरकत की। यहाँ उन्होंने न केवल करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की झड़ी लगाई, बल्कि विपक्ष पर भी तीखे प्रहार किए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि हरियाणा में तीसरी बार बनी ‘डबल इंजन’ की सरकार केवल संयोग नहीं, बल्कि सरकार की साफ नीयत, नीति और अंत्योदय के संकल्प का परिणाम है। रैली को संबोधित करने से पहले मुख्यमंत्री ने उचाना विधानसभा क्षेत्र के लिए 103 करोड़ 31 लाख रुपए की लागत वाली 5 प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसमें 28 करोड़ 54 लाख रुपए की लागत से तीन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, जिससे जनता को तुरंत लाभ मिलेगा। वहीं, भविष्य के विकास को गति देने के लिए 74 करोड़ 77 लाख रुपए की दो परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई।

पिछली सरकारों पर लगाया वोट की खेती का आरोप

अपने संबोधन में सीएम सैनी ने कांग्रेस और पूर्व के जनप्रतिनिधियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि उचाना किसानों की पवित्र भूमि है, लेकिन लंबे समय तक इसे नजरअंदाज किया गया। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यहां के नेताओं ने झूठे वायदे करके दो-तीन पीढ़ियों तक केवल वोटों की फसल काटी, लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवारवाद में फंसे इन लोगों ने केवल अपने बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया, जनता के बच्चों की उन्हें कोई चिंता नहीं थी।

जनता के सामने रखा विकास का रिपोर्ट कार्ड

मुख्यमंत्री ने आंकड़ों के जरिए अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के 10 साल के शासनकाल में उचाना में विकास कार्यों पर मात्र 386 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। इसके विपरीत, भाजपा सरकार के पिछले 11 वर्षों के कार्यकाल में उचाना में 1 हजार 409 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि उचाना के लिए की गई 98 मुख्यमंत्री घोषणाओं में से 78 का काम पूरा हो चुका है और 15 पर काम चल रहा है। भाजपा ने ही उचाना को उपमंडल और अलेवा को तहसील का दर्जा दिया।

भाजपा की नीतियों के केंद्र में हमेशा किसान रहा

किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की नीतियों के केंद्र में हमेशा किसान रहा है। उन्होंने स्वामीनाथन आयोग का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने उसकी रिपोर्ट ठंडे बस्ते में डाल दी थी, जबकि भाजपा ने किसानों के हित में काम किया। उन्होंने तुलना करते हुए बताया कि कांग्रेस के 10 साल में केवल 1,138 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया गया था, जबकि भाजपा सरकार ने पिछले 11 सालों में फसल खराब होने पर 15,448 करोड़ रुपए की राशि मुआवजे और बीमा योजना के तहत दी है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1.64 लाख करोड़ रुपए भेजे जा चुके हैं।

आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन पर साधा निशाना

सीएम ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के गठबंधन को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र लोकसभा चुनाव में दोनों ने मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया। पंजाब सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि वहां महिलाओं को 1000 रुपए देने का वादा अभी तक अधूरा है, जबकि हरियाणा में भाजपा सरकार ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत 2100 रुपए दे रही है, जिसका लाभ अब तक 9.22 लाख महिलाओं को मिल चुका है।

युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची के मिली नौकरी

रोजगार के मोर्चे पर सरकार की पीठ थपथपाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक साल में 36 हजार युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ, बिना किसी पर्ची-खर्ची के सरकारी नौकरी दी गई है। पिछले 11 वर्षों का कुल आंकड़ा देखें तो 1 लाख 80 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने कांग्रेस पर मनरेगा और पेंशन के मुद्दे पर भी झूठ फैलाने का आरोप लगाया।

भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतना

सरकार की कार्यशैली को रेखांकित करते हुए सीएम ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतना है। उन्होंने बताया कि पिछले विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र के 217 वायदों में से 60 को सरकार ने महज एक साल में पूरा कर दिया है। गरीब महिलाओं को राहत देने के लिए 500 रुपए में गैस सिलेंडर की योजना सुचारू रूप से चल रही है।

विधायक देवेन्द्र अत्री बाेले-‘दिल्ली से नहीं, उचाना से होगी सेवा’

रैली के आयोजक और उचाना विधायक देवेन्द्र चतुर्भुज अत्री ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उचाना अब बदलाव की राह पर है। उन्होंने उचाना के 6 गांवों के आईएमटी (IMT) में चयनित होने पर सीएम का आभार जताया। अत्री ने पूर्व नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि पहले यहां से जीतने वाले नेता दिल्ली और चंडीगढ़ में बैठकर राजनीति करते थे, लेकिन अब विकास धरातल पर हो रहा है। इस अवसर पर प्रदेश के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा, समाज कल्याण मंत्री कृष्ण बेदी, विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा और विधायक पवन खरखौदा सहित भारी जनसमूह मौजूद रहा।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!