हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उपमंडल रोहड़ू के तहत आने वाले चिड़गांव थाना क्षेत्र में दोस्तों ने ही अपने साथी की निर्मम हत्या कर दी। मामला शराब के नशे में हुए आपसी विवाद का बताया जा रहा है। हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने के इरादे से शव को पब्बर नदी के किनारे फैंक दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 46 वर्षीय राकेश प्रताप के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। राकेश बडियारा इलाके में स्थित स्थानीय बागवान जिया लाल भंडारी के सेब के बगीचे में बतौर चौकीदार काम करता था और वहीं रहता था।
घटना मंगलवार देर शाम की है। बताया जा रहा है कि राकेश प्रताप अपने ही समुदाय के दो से तीन अन्य लोगों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। हंसी-मजाक के बीच अचानक किसी बात को लेकर राकेश और उसके साथियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि नौबत मारपीट तक आ पहुंची। आवेश में आकर साथियों ने तेजधार हथियार और पत्थराें से वार कर राकेश की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को बडियारा पुल के नजदीक पब्बर नदी के किनारे फैंककर फरार हो गए।
बुधवार सुबह करीब 8 बजे जब कोई स्थानीय व्यक्ति बडियारा पुल के पास से गुजर रहा था, तो उसने नदी किनारे एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर स्थिति संदिग्ध लगी, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस थाना चिड़गांव को दी गई।
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। चिड़गांव थाना के प्रभारी और जांगला चौकी की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ रोहड़ू प्रणव चौहान ने भी घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से फाेरैंसिक साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद से क्षेत्र के बागवानों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।








