हिमाचल की राजधानी शिमला के छोटा शिमला क्षेत्र में सोमवार की सुबह हुई चोरी की हैरान करने वाली वारदात सुर्खियों में है। चोर ने इतना दुस्साहस किया कि पुलिस थाने से चंद कदमों की दूरी पर स्थित मंदिर का दानपात्र ही चुरा कर ले गया।
वारदात सोमवार सुबह करीब 6 बजे की है। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी चोरी बिल्कुल स्पष्ट रूप से कैद हुई है। फुटेज में एक युवक बिना किसी झिझक मंदिर के पास आता है और दानपात्र को सीधे उठा लेता है और कुछ ही सैकेंड में फरार हो जाता है। इस पूरी सीसीटीवी वीडियो को अब सोशल मीडिया पर लोग शेयर कर रहे हैं और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
इलाके के लोग हमेशा पुलिस थाने के निकट के क्षेत्र को सबसे सुरक्षित समझते हैं, लेकिन जिस मंदिर से यह चोरी हुई है वह संबंधित पुलिस थाने से कुछ ही मीटर की दूरी पर ही स्थित है। चोर ने बिल्कुल बेफिक्र होकर इतने सुरक्षित जोन में भी चोरी करने का साहस किया है।
मंदिर प्रशासन ने चोरी की जानकारी मिलते ही तुरंत स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने मामले को दर्ज करते हुए त्वरित जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में चोर का चेहरा काफी स्पष्ट दिख रहा है, फुटेज की मदद से उसकी पहचान की जा रही है और बहुत जल्दी उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके के निवासी और श्रद्धालु इस वारदात की कड़ी निंदा कर रहे हैं और पुलिस से मांग कर रहे हैं कि चोर पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में धार्मिक स्थलों पर ऐसी बेधड़क चोरी की घटनाएं न हों।








