वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

5 लाख खर्च कर परिवार ले आया ‘लुटेरी दुल्हन’, 5 दिन बाद हुई रफूचक्कर; पुलिस के पास पहुंचा पीड़ित दूल्हा

कुंवारे भाइयों… सावधान हो जाइए! अगर आप भी शादी के लिए उतावले हैं और बिचौलियों के जरिए दूसरे राज्यों में रिश्ता ढूंढ रहे हैं, तो यह खबर आपको जरूर देखनी चाहिए। एक भोली-भाली सूरत वाली लुटेरी दुल्हन ने एक परिवार को ऐसा चूना लगाया कि अब वो पुलिस के चक्कर काटने को मजबूर हैं। हिमाचल प्रदेश में शादी के नाम पर ठगी का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। 5 लाख रुपए खर्च करके ब्याही गई दुल्हन शादी के महज 5 दिन बाद ही फरार हो गई। जिसे परिवार सती-सावित्री समझ रहा था, वह असल में एक लुटेरी दुल्हन निकली।

मामला हमीरपुर की ब्राह्लड़ी पंचायत के गांव डुढाणा का है। यहां के निवासी संजय कुमार की शादी काफी समय से नहीं हो पा रही थी। बिचौलियों के झांसे में आकर परिवार ने पंजाब के लुधियाना स्थित माछीवाड़ा से रिश्ता तय किया। पीड़ित परिवार के मुताबिक शादी में करीब 5 लाख रुपए से ज्यादा का खर्च आया। हिंदू रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से शादी हुई और दुल्हन ससुराल आ गई।

ससुराल आने के बाद 5 दिन तक दुल्हन ने परिवार का पूरा भरोसा जीता। छठे दिन उसने मायके की याद आने का बहाना बनाया और एक-दो दिन में वापस आने की बात कहकर घर से निकल गई। परिवार ने भी खुशी-खुशी उसे विदा किया, लेकिन वह आज तक वापस नहीं लौटी।

यह शादी अगस्त महीने में हुई थी। जब दुल्हन वापस नहीं आई तो पीड़ित परिवार ने बिचौलिए से संपर्क किया। हैरानी की बात यह है कि जिस बिचौलिए को रिश्ता करवाने के लिए डेढ़ लाख रुपए दिए गए थे, उसने पैसे वापस करने या दुल्हन को बुलाने के बजाय बेशर्मी से कहा कि माछीवाड़ा चलो, कोई और लड़की देख लेते हैं। पीड़ित परिवार अपने पैसे और दुल्हन की आस में 6 बार पंजाब के चक्कर काट चुका है, जिसमें आने-जाने का 60 हजार रुपए अलग से खर्च हो गया, लेकिन हाथ कुछ नहीं लगा।

लूट का शिकार होने के बाद अब पीड़ित संजय कुमार और उसका परिवार हमीरपुर एसपी के दरबार पहुंचा है। उन्होंने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है और इंसाफ की मांग की है। यह घटना उन कुंवारे युवकों के लिए एक बड़ा सबक है जो बिना जांच-पड़ताल के दूसरे राज्यों में शादी के लिए बिचौलियों पर भरोसा कर रहे हैं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!