वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

शिमला के रामपुर में भयानक हादसाः खाई में गिरते ही आग का गोला बनी बोलेरो, जिंदा जल गईं 3 जिंदगियां

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर में शुक्रवार की शाम एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने सुनने वालों की रूह कंपा दी और देखने वालों की आंखों में आंसू ला दिए। शांदल बालीधार मरोड़ के पास एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई। इस हादसे में गाड़ी में सवार तीन लोगों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

हादसा उस वक्त हुआ जब बोलेरो कैंपर (HP 06A-4597) में सवार 5 लोग मरोड़ से चिकसा की ओर लौट रहे थे। सफर खत्म होने ही वाला था, लेकिन उससे पहले ही मौत ने रास्ता रोक लिया। गाड़ी खाई में गिरते ही लपटों में घिर गई, जिससे गाड़ी चला रहे 41 वर्षीय कपिल देव, 67 वर्षीय पुष्पा देवी और 40 वर्षीय उर्मिला देवी को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वे जिंदा जल गए।

इस हादसे की सबसे हृदयविदारक कहानी मझाली गांव की उर्मिला देवी की है। उर्मिला की मौत ने उनके बुजुर्ग पिता सोहन लाल को दुनिया में बिल्कुल अकेला कर दिया है। सोहन लाल पहले ही अपनी पत्नी और बेटे को खो चुके थे। उर्मिला ही उनकी लाठी और बुढ़ापे का एकमात्र सहारा थीं। पिता ने मां और बाप दोनों का फर्ज निभाकर बेटी को पाला था, लेकिन अब नियति ने उनसे उनका आखिरी सहारा भी छीन लिया।

मृतक पुष्पा और उर्मिला दोनों मझाली गांव की रहने वाली थीं। शनिवार को जब गांव से एक साथ दो अर्थियां उठीं, तो पूरा इलाका रो पड़ा। दोनों का अंतिम संस्कार साथ में किया गया, वहीं चालक कपिल देव का संस्कार उनके पैतृक गांव चिकसा में हुआ। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि इन दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और उर्मिला के बुजुर्ग पिता को यह वज्रपात सहने की शक्ति।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!