हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में हुए एक सड़क हादसे ने उत्सव की खुशियों को मातम में बदल दिया। फागली उत्सव के दौरान देवता के दर्शन कर लौट रहे दोस्तों की गाड़ी जाणा गांव के पास अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में दो युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब 3:30 बजे की है। युवक फागली उत्सव मनाने के लिए जाणा गांव गए हुए थे। वापसी के दौरान जाणा वॉटरफॉल के पास उनकी बोलेरो कैंपर (HP 34E-1427) हादसे का शिकार हो गई। हादसे का पता चलते ही स्थानीय लाेग माैके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की जान गई है। मृतकों की पहचान गाड़ी चालक अविनाश (20) पुत्र भगवान दास और सोनम कुमार (23) पुत्र भूमि प्रकाश के रूप में हुई है। दोनों युवक कुल्लू जिले के बंजार तहसील के सोर गांव के रहने वाले थे। हादसे में घायल तीन युवकों विवेक, हेमराज और विजय का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार चल रहा है। पुलिस ने हादसे के लेकर मामला दर्ज कर लिया और कारणाें की छानबीन शुरू कर दी है।
हादसे में घायल हुए चश्मदीद विवेक (20) निवासी गांव कोटाधार ने पुलिस को बताया कि वे सभी दोस्त शनिवार को उत्सव में शामिल होने आए थे। वापसी में जब वे जाणा बस स्टैंड से करीब 250 मीटर आगे पहुंचे तो चालक अविनाश गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा। गाड़ी पहले सड़क किनारे पहाड़ी से टकराई और फिर सीधे 100 मीटर नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। उधर, जवान बेटों के साथ हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर किसी की आंखें नम हैं।








